मणिपुर के सेनापति में गोलीबारी, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई तीन

27 Sep 2026 16:00:53
मणिपुर


इंफाल, 27 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर के सेनापति जिले में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। घटना में घायल दो नागरिकों में से एक ने रविवार तड़के दम तोड़ दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान आशिहो सानी (49) के रूप में हुई है। रविवार सुबह करीब तीन बजे एक निजी अस्पताल में मृतक ने अंतिम सांस ली। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए सेनापति जिला अस्पताल ले जाया गया।

उल्लेखनीय है कि, शनिवार दोपहर सेनापति क्षेत्र के कालेनजांग गांव में हुई गोलीबारी में दो नगा नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान चाओवैनामाई गांव निवासी रॉकी और लाई शिराफी गांव निवासी कुमार के रूप में हुई है। घटना में घायल अदानी मैनियो (33) का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कुछ रिपोर्टों में सशस्त्र कुकी समूहों की कथित संलिप्तता की बात कही गई है, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

यह घटना यूनाइटेड नगा काउंसिल (यूएनसी) द्वारा राज्य के राष्ट्रीय राजमार्गों पर चार महीने से जारी आर्थिक नाकेबंदी को स्थगित करने की घोषणा से कुछ घंटे पहले हुई।

अलग घटना में, इसके दो दिन पहले कामजोंग जिले के पिलोंग गांव में भारत-म्यांमार सीमा के निकट चार तांगखुल नगा नागरिकों की कथित हमले में मौत हुई थी। सितंबर में मणिपुर के तमेंगलोंग, कांगपोकपी, नोनी और कामजोंग जिलों में अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 13 लोगों की मौत की सूचना है।

मणिपुर पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने हत्याओं की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि इस वर्ष राज्य में 60 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0