गांवों में सड़कों का जाल बिछाकर विकास को दी जा रही गति : शिवराज सिंह चौहान

27 Sep 2026 19:18:53
सीहोर जिले में सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रम में नागरिकों से संवाद करते हुए शिवराज सिंह


सीहोर जिले में सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह


सीहोर जिले में सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह


- केंद्रीय कृषि मंत्री ने सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में किया 36 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों का भूमि पूजन, 41 बसाहटों की आबादी को मिलेगा लाभ

भोपाल, 27 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गांवों में सड़कों का जाल बिछाकर विकास को रफ्तार दी जा रही है। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही व्यापार-व्यवसाय एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान रविवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सड़कों के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इछावर और भैरूंदा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इछावर विकासखंड के ग्राम बोरदी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 36 सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन सड़कों से क्षेत्र के 36 गांवों की 41 बसाहटें मुख्य मार्गों से जुड़ेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ने के साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सभी सड़कों का निर्माण एक वर्ष में पूरा किया जाए। सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय सीमा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर सड़क कनेक्टिविटी आवश्यक है। शेष पात्र सड़कों को भी योजना में शामिल कराने के प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी गांव बेहतर आवागमन की सुविधा से वंचित न रहे।

इछावर में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने इछावर क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके लिए भाऊखेड़ी के पास 50 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। कृषि विज्ञान केंद्र में फल, फूल, सब्जी और अनाज सहित विभिन्न फसलों पर वैज्ञानिक प्रयोग एवं अनुसंधान किया जाएगा तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के प्रयास किए जाएंगे।

भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम में चौहान ने कहा कि वे स्वयं को मंत्री नहीं, बल्कि जनता का सेवक मानते हैं। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने भैरूंदा स्थित मामा कोचिंग पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा भविष्य की तैयारियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने भैरूंदा में सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण भी किया।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने ग्रामीणों से गांवों को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे से परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों से यह काम छोड़कर वैकल्पिक रोजगार अपनाने की अपील की और ऐसे लोगों को अन्य रोजगार से जोड़ने के प्रयास की बात कही। महिला सम्मान पर उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों के साथ अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए और समाज को भी ऐसे अपराधों के खिलाफ संवेदनशील एवं सजग रहना होगा।

इस वर्ष प्रदेश में बनेंगे 8 लाख पक्के मकान

चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस वर्ष गरीब परिवारों के लिए 8 लाख पक्के मकान बनाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। यदि किसी पात्र हितग्राही का नाम सूची में छूट गया है तो उसे नियमानुसार शामिल कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

आवागमन होगा सुगम होगा और स्थानीय व्यापार-व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा : राजस्व मंत्री

कार्यक्रम में मप्र के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि इछावर विधानसभा क्षेत्र में 36 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों का आज भूमि पूजन हो रहा है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के 41 गांवों की 19 हजार से अधिक आबादी को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ सीहोर जिले में भी तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, अधोसंरचना और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से विकास की गति को और मजबूती मिल रही है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि सड़कें अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसी भी व्यक्ति को कहीं जाना हो तो उसे सड़क के माध्यम से ही आवागमन करना पड़ता है। प्रदेश में बीते कुछ वर्षों में गांव-गांव तक सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी गांव सड़क से अछूता न रहे और सभी गांवों को बेहतर आवागमन की सुविधा से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि गांवों में स्वच्छता बनाए रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समुदाय और प्रत्येक ग्रामवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ गांव के लिए जन भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा गांव को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

ये गांव सड़कों से जुडेंगे

जामली नांदियाबाली, कोकरूपुरा और कालीधार, शिवपुरी मोहल्ला, मोगरीवाली बीड़, चिकलपानी, मगरा आदिवासी, पटेल मुहल्ला और धाटी मुहल्ला, वीरपूरा, कोठाकुर्सी, बावड़ियाखाल, पानीगांव, सुवाखेड़ा, टंटिया पठार, महुबल्ला, तालिडूब, इमली पठार कालीसिंहा, लसूड़िया गोंदी एफ.6 नयाखेड़ा, सपेरा मोहल्ला, टोपीवाला टप्पर, एससी मोहल्ला, खजुरिया गैंगी, दातारनगर, आर्या कालोनी, सेमरिया पठार, जूनापानी, सेवनिया पठार, खेरी बन्ना सुन्ना, खेड़ा कॉलोनी, राजपुरा, रत्नाखेड़ी, बाबूजी बस्ती, डाक पुलिया, महुआबालापुरा, नई बस्ती, भरतपुर कॉलोनी सहित 41 गांव सड़कों से जुड़ेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0