
काठमांडू, 27 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के सुप्रीम कोर्ट के पूर्व प्रधान न्यायाधीश चोलेन्द्र शमशेर राणा को पुलिस ने रिहा कर दिया है। रविवार दोपहर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। काठमांडू क्राइम ब्रांच के एसपी रामेश्वर कार्की ने बताया कि जबरा को एक ‘सुरक्षित’ स्थान पर भेजा गया है। हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्हें किस स्थान पर भेजा गया है।
इससे पहले रविवार तड़के करीब 2 बजे पुलिस ने काठमांडू के महाराजगंज स्थित उनके आवास से उन्हें अपने नियंत्रण में लिया था। वह 11 घंटे से अधिक समय तक पुलिस के नियंत्रण में रहे।
उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए काठमांडू क्राइम ब्रांच की पुलिस टीम उनके आवास पर पहुंची थी। पुलिस ने बताया था कि उन्हें सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय लाया गया है।
क्राइम ब्रांच के एसएसपी संतोष खड्का ने कहा था कि ‘डिस्कॉर्ड ग्रुप’ में राणा के खिलाफ विभिन्न तरह की अफवाहें फैलाए जाने के कारण उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें कार्यालय लाना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास