पीडब्ल्यूडी मंत्री पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, कथित वीडियो वायरल, आआपा ने सरकार को घेरा

27 Sep 2026 17:26:53

नई दिल्ली, 27 सितंबर (हि.स.)। तिलक नगर में रविवार को सड़क के निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह का एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप है। कथित तौर पर इससे संबंधित वीडियो वायरल होने पर आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली सरकार को घेरा है।

आआपा के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरिवंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर संबंधित वीडियो जारी करते हुए इस घटना को गुंडागर्दी बताते हुए कहा कि सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार दिखाने पर मंत्री ने युवक को सरेआम थप्पड़ मारा। उन्होंने कहा कि वह कल तिलक नगर जाकर इस सड़क का मुआयना करेंगे।

पीड़ित युवक ने कहा कि वह विधायक जरनैल सिंह के लिए सोशल मीडिया गतिविधियां संभालता है। पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से उसे एक सड़क की हालत दिखाने के लिए बुलाया गया था इसलिए वह यहां आया। युवक का दावा है कि उसने दिखाया कि सड़क की सतह कैसे टूट रही थी। युवक का आरोप है कि इसके बारे में जानकारी देने पर मंत्री बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने उसपर हाथ उठाते हुए उसके साथियों को जान से मारने की धमकी दी।

तिलक नगर के आआपा जरनैल सिंह ने कहा कि मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने घटना को रिकॉर्ड कर रहे युवक को थप्पड़ मारा। उन्होंने कहा कि मुझे लगा था कि वह सड़क का निरीक्षण करेंगे, उसकी क्वालिटी जांचेंगे और शायद अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने मुझसे पूछा कि सड़क कहां से टूट रही है। जब मैंने उन्हें दिखाया कि पूरी सड़क की सतह कालीन की तरह उखड़ रही है तो कार्रवाई करने के बजाय उन्होंने घटना को रिकॉर्ड कर रहे युवक को थप्पड़ मारा। उन्होंने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0