रूस का यूक्रेन के संचार ढांचे पर हमला, सबसे बड़ी मोबाइल कंपनी के मुख्यालय को बनाया निशाना

27 Sep 2026 21:58:53

कीव, 27 सितंबर (हि.स.)। रूस ने रविवार को यूक्रेन की सबसे बड़ी मोबाइल सेवा कंपनी ‘कीवस्टार’ के मुख्यालय को निशाना बनाया। कंपनी ने बताया कि कीव स्थित उसके कार्यालय पर हमला हुआ, हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस बीच रूस ने यूक्रेन के डेटा सेंटरों और संचार ढांचे पर हमले जारी रखे हैं।

कीवस्टार ने स्थानीय समाचार एजेंसी इंटरफैक्स-यूक्रेन को बताया कि राजधानी कीव में स्थित उसका मुख्यालय हमले की चपेट में आया। कंपनी के अनुसार, इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने भी रविवार को दावा किया कि उसकी सेना ने यूक्रेन की दूसरी सबसे बड़ी मोबाइल नेटवर्क कंपनी ‘वोडाफोन यूक्रेन’ से जुड़े एक डेटा सेंटर को निशाना बनाया। हालांकि वोडाफोन यूक्रेन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने रविवार सुबह कीव में एक डेटा सेंटर पर दो बार हमला किया। उनके अनुसार, इस घटना में दो बच्चे और एक वयस्क घायल हुए।

करीब एक लाख घरों की सेवाएं प्रभावित

यूक्रेन के डिजिटल मंत्रालय के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के दौरान रूस ने देश के इंटरनेट सेवा प्रदाताओं से जुड़े कई डेटा सेंटरों को निशाना बनाया है। इन हमलों के कारण कीव और आसपास के क्षेत्रों में करीब एक लाख घरों की इंटरनेट और अन्य संचार सेवाएं प्रभावित हुईं।

यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रिय सिबिहा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि रूस प्रमुख यूक्रेनी डेटा सेंटरों को निशाना बनाकर सूचना के प्रवाह को बाधित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने मिसाइल और ड्रोन हमलों की समय पर चेतावनी को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि ऐसी चेतावनियां लोगों की जान बचाने में मदद करती हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0