युद्धाभ्यास 'तरंग शक्ति' में अमेरिका सहित कई अन्य देशों के विमानों ने किया हवाई प्रदर्शन

28 Sep 2026 19:24:53
jodhpur


जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर चल रहे बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास 'तरंग शक्ति' में आज अमेरिका सहित कई अन्य देशों के ताकतवर विमानों ने शक्ति प्रदर्शन किया। इन दिनों यहां युद्धाभ्यास का ऑपरेशनल फेज चल रहा है। एक दिन पहले ही एयर मार्शल पीवी शिवानंद ने औपचारिक रूप से अभ्यास का उद्घाटन कर दल के कमांडरों को आधिकारिक एक्सरसाइज पैच बांटे थे।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार आगामी 12 अक्टूबर तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास में भारतीय वायु सेना के साथ दुनिया के 7 मित्र देश आसमान में अपनी सामरिक ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बार अभ्यास की मुख्य थीम पावर इन पार्टनरशिप रखी गई है, जिसका उद्देश्य भागीदार देशों के बीच आपसी समन्वय और सैन्य क्षमता को बढ़ाना है। इन देशों की भागीदारी से एक्सरसाइज का दायरा काफी बड़ा हो गया है। इसमें फाइटर एयरक्राफ्ट के साथ मिलिट्री ट्रांसपोर्ट और हवा में फ्यूल भरने वाले एयरक्राफ्ट की क्षमताएं भी एक ही प्लेटफॉर्म पर देखने को मिलेंगी। अलग-अलग एयर फोर्स अपने ऑपरेशनल एक्सपीरियंस भी शेयर करेंगी।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायु सेनाएं सीधे तौर पर भाग ले रही हैं। इसके अतिरिक्त, 32 से ज्यादा देश इस सैन्य आयोजन में प्रेक्षक (ऑब्जर्वर) के रूप में शामिल हुए हैं। पहले एडिशन की सफलता के बाद 2026 में जोधपुर एयरबेस पर यह युद्धाभ्यास क्षेत्रीय सुरक्षा, शांति और स्थिरता के लिहाज से बेहद अहम है। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, एक मंच पर एफ-35 व राफेल जैसे विमानों का भारतीय वायु सेना के बेड़े के साथ अभ्यास करना दोनों देशों के बढ़ते रणनीतिक भरोसे और भारत की स्वदेशी एयरोस्पेस ताकत को दुनिया के सामने प्रदर्शित करता है। इससे विदेशी सैनिकों को भारत के स्वदेशी एयरोस्पेस इकोसिस्टम और सांस्कृतिक धरोहर को समझने का अवसर मिल रहा है।------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Powered By Sangraha 9.0