वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एआईआईबी की सालाना बैठक में भाग लेने पहुंची दोहा

28 Sep 2026 10:25:53
दोहा के हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वित्त मंत्री का स्वागत करते कतर में भारत के राजदूत श्रीकर कोप्पूला


दोहा के हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वित्त मंत्री का स्वागत करते कतर में भारत के राजदूत श्रीकर कोप्पूला


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण सोमवार को दोहा पहुंची। कतर में भारत के राजदूत श्रीकर कोप्पूला ने हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीतारमण का स्वागत किया। केंद्रीय वित्त मंत्री अगले दो दिनों में दोहा में आयोजित एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) की 11वीं सालाना बैठक और एआईआईबी इन्वेस्टर्स डायलॉग-2026 में हिस्सा लेंगी।

वित्त मंत्रालय ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर बताया कि इस यात्रा के दौरान सीतारमण 28 सितंबर से दोहा में आयोजित होने वाले एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की 11वीं सालाना बैठक में शामिल होंगी। साथ ही वह एआईआईबी के अध्यक्ष और जॉर्डन, स्विट्जरलैंड, अल्जीरिया, सऊदी अरब और नेपाल के अपने समकक्षों के साथ भी महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें करेंगी।

मंत्रालय ने कहा कि आईआईबी की सालाना बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक में भारत की गवर्नर के तौर पर शामिल होंगी। भारत इस बैंक का दूसरा सबसे बड़ा शेयरधारक है। इसके अलावा आधिकारिक यात्रा के हिस्से के रूप में वित्त मंत्री के कतर सरकार के नेतृत्व से मुलाकात करने और कतरी बिजनेस लीडर्स एवं निवेशकों के साथ बातचीत करने की भी उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ दोहा में एआईआईबी की 11वीं सालाना बैठक और एआईआईबी इन्वेस्टर्स डायलॉग 2026 में भाग लेने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0