एआईआईबी अध्यक्ष से मिले नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, निवेश बढ़ाने का आग्रह

28 Sep 2026 13:29:53
नेपाल के वित्त मंत्री और एआईआईबी के अध्यक्ष से मुलाकात


काठमांडू, 28 सितंबर (हि.स.)। एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की 11वीं वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए दोहा पहुंचे नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले ने बैंक की अध्यक्ष ज़ू जियायी से मुलाकात की। दोनों के बीच नेपाल में बैंक के निवेश और प्राकृतिक आपदा के बाद पुनर्निर्माण सहित विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई।

बैठक में वित्त मंत्री वाग्ले ने नेपाल में एआईआईबी के निवेश का विस्तार करने, प्राकृतिक आपदाओं के बाद पुनर्निर्माण में सहयोग करने और रियायती वित्तीय सुविधा तक पहुंच बढ़ाने का आग्रह किया। बैठक के दौरान वित्त मंत्री वाग्ले ने एआईआईबी अध्यक्ष ज़ू जियायी को 2026 के भीतर नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया।

एआईआईबी अध्यक्ष ज़ू जियायी ने नेपाल में आई हालिया विनाशकारी बाढ़ से नेपाल में हुई जन-धन की क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आपदा के बाद लचीले और टिकाऊ पुनर्निर्माण के लिए बैंक की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। एआईआईबी अध्यक्ष ने नेपाल के आर्थिक विकास में निरंतर सहयोग की बैंक की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि बैंक के प्रोजेक्ट प्रिपरेशन स्पेशलाइज्ड फंड के माध्यम से परियोजनाओं की तैयारी के लिए अनुदान सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस विशेष फंड के तहत मिलने वाले अनुदान का उपयोग करके नेपाल को एआईआईबी द्वारा दिए जाने वाले ऋण को संभवतः सबसे रियायती ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा सकता है।

इस अवसर पर वित्त मंत्री वाग्ले ने एआईआईबी की नई अध्यक्ष को बधाई दी और संस्थापक सदस्य के रूप में नेपाल को दिए जा रहे सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने एआईआईबी के वित्तीय सहयोग से चल रही पावर डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम इम्प्रूवमेंट एंड एक्सपेंशन प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करने तथा एक्सप्रेसवे से संबंधित अध्ययन को भी शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया। मंत्री वाग्ले ने बैंक से हरित ऊर्जा, सीमा-पार बिजली प्रसारण लाइन, सड़क बुनियादी ढांचे और डिजिटल बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अपने संसाधनों के साथ-साथ अन्य दाता एजेंसियों के संसाधन जुटाने का भी आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0