डीपफेक वीडियो पर भड़के सलमान खान

28 Sep 2026 12:39:53
सलमान खान - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। 'बिग बॉस 20' के ताजा 'वीकेंड का वार' एपिसोड में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर बनाए जा रहे फर्जी एआई और डीपफेक वीडियो को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।

अभिनेता ने बताया कि वह खुद भी ऐसे फर्जी वीडियो का शिकार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई बार लोग इन वीडियो को असली समझकर सोशल मीडिया पर साझा कर देते हैं जबकि उन्हें बनाने वाले जानबूझकर भ्रामक सामग्री तैयार करते हैं। सलमान ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

सलमान ने एआई तकनीक के गलत इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कहा कि किसी की आवाज की नकल कर उसे आपत्तिजनक तरीके से इस्तेमाल करना गंभीर मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे फर्जी वीडियो बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होनी चाहिए। अभिनेता ने कहा कि जो लोग जानते हैं कि वीडियो नकली है और फिर भी उसे तैयार कर प्रसारित करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने ऐसे मामलों में दोषियों को जेल भेजने की बात भी कही।

अभिनेता ने सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक सामग्री पर नियंत्रण के लिए सख्त नियमों की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएंगे। उन्हाेंने यह भी कहा कि डीपफेक का असर सिर्फ कलाकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों और उनके परिवारों को भी इसका नुकसान झेलना पड़ सकता है। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने भी एआई और डीपफेक के दुरुपयोग के खिलाफ उनकी चिंता का समर्थन किया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0