एशियाई खेल 2026: लवलीना बोरगोहेन सेमीफाइनल में पहुंचीं, भारत का एक और पदक पक्का

28 Sep 2026 11:24:53
भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन


आइची-नागोया, 28 सितंबर (हि.स.)। भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने एशियाई खेल 2026 में महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत का एक और पदक पक्का कर दिया है। सोमवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में लवलीना ने दक्षिण कोरिया की 2010 एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता सियोंग सुयोन को 5-0 से हराया।

लवलीना ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। पहले राउंड में दोनों मुक्केबाजों के बीच जमकर प्रहार हुए, लेकिन लवलीना ने बेहतर मुक्केबाजी करते हुए सभी जजों का फैसला अपने पक्ष में किया।

दूसरे राउंड में सियोंग ने आक्रामक होकर वापसी की कोशिश की, लेकिन लवलीना ने अपने फुटवर्क और काउंटर अटैक से उनके हमलों का जवाब दिया। उन्होंने लगातार जैब लगाते हुए यह राउंड भी 5-0 से अपने नाम किया।

तीसरे राउंड में लवलीना ने मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। उन्होंने तेज वन-टू पंच लगाए और सियोंग को लगातार दबाव में रखा। जजों ने तीसरे राउंड में भी 5-0 से लवलीना के पक्ष में फैसला दिया। मुकाबला लवलीना ने कुल 30-27 के स्कोर से जीता।

लवलीना अब फाइनल में जगह बनाने के लिए बुधवार को कजाकिस्तान की नतालिया बोगदानोवा से भिड़ेंगी।

परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल भी पदक की दौड़ में

इससे पहले परवीन हुड्डा ने महिलाओं के 65 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत का पदक पक्का किया था। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान की विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता नवबखोर खामिदोवा को 5-0 से हराया। परवीन ने तीनों राउंड में 4-1, 5-0 और 5-0 से बढ़त हासिल की।

पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग में अंकुश पंघाल भी सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रुज सलीमोव को 5-0 से हराया। अंकुश ने अपनी तेज गति और सटीक पंचों से पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0