
आइची-नागोया, 28 सितंबर (हि.स.)। भारतीय मुक्केबाज प्रिया घांघस ने एशियन गेम्स-2026 में महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समादोवा को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली और भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया।
मुकाबले की शुरुआत दोनों मुक्केबाजों के बीच कड़ी टक्कर के साथ हुई। पहले राउंड में समादोवा ने जजों के 3-2 के फैसले से बढ़त बनाई। पांच में से तीन जजों ने राउंड समादोवा के पक्ष में 10-9 दिया, जबकि दो जजों ने प्रिया को 10-9 से विजेता माना।
हालांकि, प्रिया ने दूसरे राउंड से शानदार वापसी की। उन्होंने दूसरे और तीसरे दोनों राउंड को 5-0 से अपने नाम किया। सभी पांचों जजों ने दोनों राउंड में प्रिया को 10-9 से बेहतर माना।
दूसरे राउंड में समादोवा को चेतावनी भी मिली। मुकाबले के अंत में प्रिया ने पांचों जजों के सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की। जजों के अंतिम स्कोर 29-27, 30-26, 29-27, 30-26 और 29-27 रहे।
पहले राउंड में पिछड़ने के बाद प्रिया की यह वापसी उन्हें सेमीफाइनल तक ले गई। इस जीत के साथ उन्होंने एशियन खेल में भारत के लिए एक और मुक्केबाजी पदक भी सुनिश्चित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे