ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की प्रारंभिक टीम में रबाडा शामिल

28 Sep 2026 14:38:53
ऑस्ट्रेलिया को खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की प्रारम्भिक टीम


जोहान्सबर्ग, 28 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 अक्टूबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी प्रारंभिक टीम में तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को शामिल किया है। हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे रबाडा की पहले टेस्ट में उपलब्धता का फैसला अगले सप्ताह होने वाले इंट्रा-स्क्वाड मुकाबले के बाद किया जाएगा।

रबाडा को विंटर ट्रेनिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी और वह फिलहाल उससे उबर रहे हैं। लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन और क्वेना मफाका को हैमस्ट्रिंग चोटों से उबरने के कारण टीम में जगह नहीं मिली है।

केंद्रीय अनुबंध से बाहर हो चुके एनरिक नॉर्त्जे को विस्तारित टीम में शामिल किया गया है। वह मार्च, 2023 के बाद अपना पहला टेस्ट खेलने की दौड़ में हैं। टीम में कुल सात तेज गेंदबाजों को जगह दी गई है। जेराल्ड कोएत्जी भी टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने पिछले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे से चोट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। उन्होंने आखिरी टेस्ट नवंबर, 2024 में खेला था।

कोएत्जी के अलावा कॉर्बिन बॉश, मार्को यानसन, वियान मुल्डर और डेन पैटरसन तेज गेंदबाजी के विकल्प होंगे। पैटरसन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम का हिस्सा थे।

शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मार्क्स एकरमैन टीम में एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अभी तक टेस्ट डेब्यू नहीं किया है। दक्षिण अफ्रीका ए के लिए 1000 से अधिक रन बना चुके एकरमैन शीर्ष तीन में जगह बनाने के लिए टोनी डी जॉर्जी, ट्रिस्टन स्टब्स और वियान मुल्डर के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे।

स्पिन विभाग में केशव महाराज, साइमन हार्मर और सेनुरन मुथुसामी को शामिल किया गया है। तीनों खिलाड़ी पिछले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में दक्षिण अफ्रीका के लिए खेल चुके हैं। शुरुआती सीजन में परिस्थितियां स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रहने की उम्मीद है और तीनों टेस्ट समुद्र तटीय मैदानों पर खेले जाने हैं। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका एकादश में तीन में से दो स्पिनरों को उतारने पर विचार कर सकता है।

दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम 1 अक्टूबर को डरबन में एकत्र होगी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की प्रारंभिक टीम:

टेम्बा बावुमा (कप्तान), मार्क्स एकरमैन, डेविड बेडिंघम, कॉर्बिन बॉश, जेराल्ड कोएत्जी, टोनी डी जॉर्जी, साइमन हार्मर, मार्को यानसन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, एनरिक नॉर्त्जे, डेन पैटरसन, कगिसो रबाडा, रियान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेयेन।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0