
भारत का प्रतिनिधित्व कर देश और बरेका का बढ़ाया गौरव, बरेका परिवार में हर्ष का माहौल
वाराणसी, 28 सितंबर (हि.स.)। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के अंतरराष्ट्रीय जैवलिन थ्रो खिलाड़ी रोहित यादव ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से देश के साथ-साथ बरेका का गौरव बढ़ा है। रोहित की सफलता पर बरेका परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
रोहित यादव बरेका के इलेक्ट्रिक विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वह वर्ष 2018 से बरेका में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विभागीय दायित्वों के निर्वहन के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जैवलिन थ्रो में अपनी प्रतिभा का लगातार प्रदर्शन किया और देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
रोहित यादव की इस उपलब्धि पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत, खेल संघ के पदाधिकारियों तथा समस्त बरेका परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। महाप्रबंधक ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि रोहित ने अपने खेल कौशल से बरेका और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने रोहित के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने सोमवार को एक दिन में सर्वाधिक आठ पदक अपने नाम किए। हालांकि, इनमें कोई स्वर्ण पदक शामिल नहीं रहा। इससे पहले शनिवार और रविवार को भारत ने एक-एक दिन में सात-सात पदक जीते थे। भारतीय खिलाड़ियों ने निशानेबाजी, एथलेटिक्स, कुराश और भाला फेंक में पदक हासिल किए। सोमवार को मिले आठ पदकों में चार रजत और चार कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 45 हो गई है और वह पदक तालिका में 12वें स्थान पर है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी