
नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। केन्द्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने मंगलवार को यहां पूर्वोत्तर के आठों राज्यों की खान-पान परंपराओं, स्थानीय समुदायों और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘द एन्चेंटिंग 8 : ए कुलिनरी जर्नी थ्रू द नॉर्थईस्ट’ का ट्रेलर लॉन्च किया। सीरीज के जरिए पूर्वोत्तर की विविध खाद्य परंपराओं और स्थानीय जीवन को देश के व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के अनुसार, ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन मंत्रालय ने किया। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और डॉक्यूमेंट्री निर्माण से जुड़ी टीम के सदस्य मौजूद रहे।
मंत्रालय के अनुसार यह डॉक्यूमेंट्री सीरीज पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय और पूर्वोत्तर परिषद के सहयोग से तैयार की गई है। इसका क्रियान्वयन नॉर्थ ईस्टर्न रीजन कम्युनिटी रिसोर्स मैनेजमेंट सोसाइटी ने किया है। सीरीज का निर्माण अर्बन मीडिया प्रोडक्शंस ने फिलैंडरिंग फोर्कर मीडिया के सहयोग से किया है।
सीरीज में पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों की खान-पान परंपराओं, समुदायों और लोगों को केंद्र में रखा गया है। इसमें स्थानीय संसाधनों से जुड़ी खाद्य परंपराओं और उनसे जुड़े विभिन्न पहलुओं को दिखाया गया है। कहानी को स्थानीय लोगों की आवाज और अनुभवों के माध्यम से आगे बढ़ाया गया है।
डॉक्यूमेंट्री के निर्माण के दौरान स्थानीय समुदायों और खाद्य उत्पादकों से बातचीत की गई। स्थानीय सामग्रियों के स्रोत से लेकर उनके रसोई तक पहुंचने और फिर भोजन की मेज तक पहुंचने की प्रक्रिया को दर्ज किया गया है। इसके जरिए भोजन के साथ उससे जुड़ी परंपराओं, कहानियों और लोगों को भी सामने लाया गया है।
सीरीज में पूर्वोत्तर को किसी एक खान-पान परंपरा के रूप में प्रस्तुत करने के बजाय अलग-अलग समुदायों और भौगोलिक क्षेत्रों की विविधता को दिखाया गया है। इसमें स्थानीय सामग्री, आदिवासी ज्ञान और रोजमर्रा की खाद्य परंपराओं को स्थानीय आवाजों के माध्यम से सामने रखा गया है।
खान-पान को सीरीज की मुख्य कड़ी बनाया गया है, लेकिन इसके जरिए पूर्वोत्तर की कला, संस्कृति और प्राकृतिक परिदृश्य को भी दर्शाया गया है। सीरीज में इन पहलुओं को उस व्यापक सामाजिक और सांस्कृतिक संदर्भ के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें क्षेत्र की खान-पान परंपराएं विकसित हुई हैं।
मंत्रालय के अनुसार, ‘द एन्चेंटिंग 8’ के जरिए पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक विविधता को भोजन, स्थानीय सामग्री, रसोई और उससे जुड़ी परंपराओं के माध्यम से व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। ट्रेलर लॉन्च के साथ इस डॉक्यूमेंट्री यात्रा की शुरुआत हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर