
आइची-नागोया, 29 सितंबर (हि.स.)। भारतीय महिला 4x400 मीटर रिले टीम ने एशियन खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को स्वर्ण पदक अपने नाम किया। किरण पहल, एम. पूवम्मा, प्राची और विथ्या रामराज की भारतीय चौकड़ी ने फाइनल में 3:29.69 मिनट का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया।
बहरीन ने 3:30.21 मिनट के समय के साथ रजत पदक, जबकि चीन ने 3:31.02 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्वर्ण पदक के साथ भारत ने इस स्पर्धा में अपना सातवां एशियन खेल स्वर्ण हासिल किया। साथ ही भारतीय महिला टीम ने 1982 के नई दिल्ली एशियन गेम्स से शुरू हुआ हर संस्करण में पदक जीतने का 44 साल पुराना सिलसिला भी बरकरार रखा। भारत ने इससे पहले इस स्पर्धा में आखिरी बार 2018 में स्वर्ण पदक जीता था।
विथ्या रामराज के लिए भी यह एशियन खेल बेहद सफल रहा है। उन्होंने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ कांस्य पदक और मिश्रित 4x400 मीटर रिले में रजत पदक जीतने के बाद अब स्वर्ण भी अपने नाम कर लिया। यह एशियन खेल 2026 में भारत का छठा स्वर्ण पदक है। मंगलवार को भारत का यह दूसरा स्वर्ण रहा। इससे पहले निशानेबाज नीरू धांडा ने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में एशियन रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
महिला 4x400 मीटर रिले फाइनल परिणाम:
भारत — 3:29.69, स्वर्ण
बहरीन — 3:30.21, रजत
चीन — 3:31.02, कांस्य
जापान — 3:31.44
वियतनाम — 3:32.28
कजाकिस्तान — 3:33.76
श्रीलंका — 3:34.90
चीनी ताइपे — 3:41.13
हांगकांग — शुरुआत नहीं की
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे