एशियन खेल 2026: अंकुश पंघाल ने 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में बनाई जगह, रजत पदक पक्का

29 Sep 2026 11:54:53
भारतीय पुरुष मुक्केबाज अंकुश पंघाल


आइची-नागोया, 29 सितंबर (हि.स.)। भारत के युवा मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने एशियन खेल 2026 में पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल में अंकुश ने उज्बेकिस्तान के मौजूदा विश्व चैंपियन फज़लिद्दीन एर्किनबोएव को 4-1 के विभाजित फैसले से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले का टिकट कटाया।

20 वर्षीय अंकुश ने मुकाबले में शुरुआत से ही तेज गति और आक्रामक रणनीति के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने एरकिनबोएव की मजबूत रक्षात्मक शैली का प्रभावी ढंग से सामना किया। पांचों जजों ने अंकुश को 10 और एरकिनबोएव को 9 अंक दिए, जिसके बाद भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में 4-1 का फैसला आया।

इस जीत के साथ अंकुश ने प्रतियोगिता में अपना शानदार अभियान जारी रखा है। इससे पहले 27 सितंबर को क्वार्टर फाइनल में उन्होंने ताजिकिस्तान के नेकृज़ सलीमोव को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर पदक पक्का किया था।

अंकुश शानदार फॉर्म के साथ एशियन खेलों के फाइनल में पहुंचे हैं। उन्होंने अगस्त 2026 में ग्लासगो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था।

2018 के बाद पहली बार भारतीय पुरुष मुक्केबाज फाइनल में

अंकुश की इस उपलब्धि ने भारतीय पुरुष मुक्केबाजी के लिए भी खास रिकॉर्ड बनाया है। 2018 में अमित पंघाल के 49 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंचने के बाद पहली बार कोई भारतीय पुरुष मुक्केबाज एशियन खेलों में स्वर्ण पदक मुकाबले तक पहुंचा है।

अब अंकुश के सामने एशियन खेलों में स्वर्ण पदक जीतने की चुनौती होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0