एशियन खेल : महिला हॉकी में भारत के सामने दक्षिण कोरिया की चुनौती, नजरें स्वर्ण पदक पर

29 Sep 2026 13:30:53
भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो-एशियन हॉकी फेडरेशन)


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम एशियन खेल-2026 के सेमीफाइनल में बुधवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ उतरेगी। भारतीय टीम की नजरें 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए एशियन खेल में दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने पर हैं। मुकाबला जापान के कावासाकी जुको स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारतीय टीम ने पूल बी में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते और शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0, इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-1 से हराया। इसके बाद मेजबान जापान को कड़े मुकाबले में 3-1 से शिकस्त दी और पूल चरण का अंत सिंगापुर के खिलाफ 7-0 की जीत के साथ किया।

दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया ने पूल ए में चार जीत के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। उसे केवल चीन के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ टीम ने 8-0 की बड़ी जीत दर्ज की।

भारत के लिए टूर्नामेंट में ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने पांच मैचों में 21 गोल किए हैं। अनुभवी फारवर्ड नवनीत कौर 10 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जिसमें सात गोल मैदानी खेल से आए हैं। रुतुजा दादासो पिसाल ने सात, लालरेमसियामी ने छह और इशिका ने पांच गोल किए हैं।

गोलकीपिंग में अनुभवी सविता के साथ बिचू देवी ने भी टीम को मजबूती दी है। सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के आक्रमण के खिलाफ भारतीय रक्षापंक्ति की भूमिका अहम होगी। दक्षिण कोरिया की मिडफील्डर सेउंगए पार्क अब तक आठ गोल कर चुकी हैं और भारतीय टीम को उनसे विशेष सावधानी बरतनी होगी।

भारतीय टीम के मुख्य कोच सजोर्ड मारिजने ने कहा कि टीम लय बनाए रखने के लिए लगातार अभ्यास कर रही है। उन्होंने कहा कि पूल चरण के मुकाबलों में जापान के अलावा चुनौती अपेक्षाकृत कम थी, लेकिन अब एशियन खेल के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ बड़ी चुनौती सामने है।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने आखिरी बार 1982 में एशियन खेल का स्वर्ण पदक जीता था। अब टीम खिताब जीतने से सिर्फ दो जीत दूर है। भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सेमीफाइनल मुकाबला बुधवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0