एशियन खेल : भारतीय एथलीट देव मीना ने पोल वॉल्ट में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

29 Sep 2026 17:00:53
भारतीय एथलीट देव मीना


आइची-नागोया, 29 सितंबर (हि.स.)। भारतीय एथलीट देव मीना ने मंगलवार को एशियन खेल-2026 की पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा के फाइनल में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर कर नया कीर्तिमान बनाया। देव ने 5.50 मीटर की ऊंचाई पार कर अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ा और नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी दर्ज किया।

देव का पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड 5.46 मीटर था, जो उन्होंने इसी साल इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एशियन खेल के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग मानक भी हासिल किया था।

इससे करीब एक महीने पहले रांची में आयोजित फेडरेशन कप में देव मीना और कुलदीप कुमार ने 5.45 मीटर की समान ऊंचाई पार करके राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की थी। अब देव ने 5.50 मीटर की छलांग के साथ इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है।

हालांकि, 5.50 मीटर पार करने के बाद देव 5.60 मीटर की ऊंचाई पार नहीं कर सके। तीनों प्रयास असफल रहने के बाद उनका मुकाबला समाप्त हो गया।

फाइनल में भारत के दूसरे खिलाड़ी कुलदीप कुमार भी शामिल थे। उन्होंने 5.35 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ 10वां स्थान हासिल किया।

इससे पहले 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में देव मीना पदक से चूक गए थे और 5.30 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0