फैशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन, रिटेल सेल्स में निफ्ट के छात्र रहे आगे

29 Sep 2026 17:37:53
निफ्ट के विजेता छात्र


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के छात्रों ने 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसमें छात्रों तथा विशेषज्ञों ने फैशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन, रिटेल सेल्स और विजुअल मर्चेंडाइजिंग सहित प्रमुख फैशन और रचनात्मक कौशल क्षेत्रों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

केन्द्रीय वस्त्र मंत्रालय के अनुसारइसमें छात्रों ने फैशन तथा रचनात्मक कौशल क्षेत्रों में दो रजत पदक और एक 'मेडलियन फॉर एक्सीलेंस' (उत्कृष्टता पदक) अपने नाम किए। फैशन टेक्नोलॉजी में पदक जीतने वाली विधि सुथार ने निफ्ट नई दिल्ली में वर्ल्डस्किल्स विशेषज्ञ प्रोफेसर (डॉ.) मोनिका गुप्ता और प्रशिक्षण दल के मार्गदर्शन में चार महीने का कड़ा प्रशिक्षण पूरा किया था।

इस विशेष प्रशिक्षण का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तकनीकी दक्षता, गति और दबाव के बीच बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करना था।

मंत्रालय के मुताबिक, डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन में निफ्ट मुंबई के कोविड अजय गंगराडे और रिटेल सेल्स (खुदरा बिक्री) में निफ्ट पंचकुला की सानिया जोशी ने रजत पदक जीता। फैशन टेक्नोलॉजी में निफ्ट गांधीनगर की विधि नीरवकुमार सुथार को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर सटीक प्रदर्शन के लिए 'मेडलियन फॉर एक्सीलेंस' से नवाजा गया। विजुअल मर्चेंडाइजिंग में निफ्ट बेंगलुरु की अनुजा अजय वारे ने इस श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

उल्लेखनीय है कि 23-26 सितंबर तक चीन के शंघाई में आयोजित वर्ल्डस्किल्स शंघाई में लगभग 68 देशों और क्षेत्रों के 1,400 से अधिक युवा प्रतियोगियों ने 64 कौशल श्रेणियों में भाग लिया। कुल 6 रजत और 20 उत्कृष्टता पदक जीतकर भारत ने वैश्विक स्तर पर 10वां स्थान हासिल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0