तमिलनाडु में ‘वेत्री पयनम’ योजना निजी बसों तक पहुंचाने की मांग, 30 सितंबर को हड़ताल

29 Sep 2026 13:02:53
प्राइवेट बस ओनर्स एसोसिएशन के चेयरमैन थंगराज के साथ इंटरव्यू


चेन्नई, 29 सितंबर (हि.स.)। निजी बसों में भी महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा योजना लागू करने की मांग को लेकर तमिलनाडु निजी बस मालिकों के महासंघ ने 30 सितंबर को 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया है। महासंघ के अनुसार, 30 सितंबर की रात 12:01 बजे से रात 11:59 बजे तक पूरे राज्य में निजी बसों का संचालन बंद रहेगा।

निजी बस मालिकों का कहना है कि जिस तरह सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है, उसी तरह निजी बसों में भी महिलाओं, ट्रांसजेंडरों और दिव्यांगों को मुफ्त यात्रा की अनुमति मिलनी चाहिए। संगठन ने मुफ्त यात्रा से होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई के लिए तमिलनाडु सरकार से निजी बस संचालकों को सब्सिडी देने की मांग की है।

महासंघ के अनुसार, निजी बस क्षेत्र से करीब तीन लाख परिवार जुड़े हुए हैं। निजी बस मालिकों का कहना है कि जिलों के बीच चलने वाली सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा योजना लागू होने से निजी बस सेवाओं पर आर्थिक असर पड़ सकता है। उनका कहना है कि यदि निजी बसों को भी योजना में शामिल किया जाता है तो सरकार को राजस्व नुकसान की भरपाई के लिए वित्तीय सहायता देनी चाहिए।

तमिलनाडु में महानगरों की साधारण सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा योजना पहले से लागू है। वहीं, टीवीके के चुनावी वादे के तहत जिलों के बीच चलने वाली बसों में भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा देने की घोषणा की गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री विजय ने सत्ता में आने के बाद पहले विधानसभा सत्र में नियम संख्या 110 के तहत ‘वेत्री पयनम’ (सफल यात्रा) योजना की घोषणा की।

घोषित योजना के तहत महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर से एक्सप्रेस, डीलक्स और उपनगरीय बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की बात कही गई है। निजी बस मालिकों के अनुसार, चेन्नई को छोड़कर तमिलनाडु के अधिकांश जिलों में बड़ी संख्या में निजी बसें संचालित होती हैं और नई योजना का इन सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

निजी बस मालिकों के महासंघ ने कहा है कि वह महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के लिए तैयार है, लेकिन योजना को निजी बसों तक विस्तारित करने के साथ सरकार को सब्सिडी देनी होगी। इसी मांग को सरकार के सामने रखने के लिए 30 सितंबर को पूरे तमिलनाडु में 24 घंटे निजी बसों का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया गया है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0