अमेरिका और ईरान के बीच औपचारिक बातचीत नहीं, अनौपचारिक संपर्क जारी : ग्रॉसी

29 Sep 2026 17:36:53

संयुक्त राष्ट्र, 29 सितंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल कोई औपचारिक बातचीत नहीं हो रही है, हालांकि दोनों पक्षों के बीच अनौपचारिक संपर्क जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन संपर्कों से दोनों देशों के बीच वार्ता दोबारा शुरू करने का रास्ता बन सकता है।

ग्रॉसी ने रिया नोवोस्ती को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की कोई औपचारिक प्रक्रिया नहीं चल रही है। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच कुछ स्तर पर संपर्क हो रहा है, जिसमें इस सप्ताह न्यूयॉर्क में हुई बातचीत भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में हुई बातचीत अभी काफी अनौपचारिक है, लेकिन यह आगे बढ़ रही है। ग्रॉसी के अनुसार, मौजूदा संपर्कों से भविष्य में अमेरिका और ईरान के बीच औपचारिक वार्ता बहाल होने की उम्मीद है।

आईएईए प्रमुख की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और तेहरान के बीच तनाव बना हुआ है। ग्रॉसी ने बातचीत की संभावित बहाली को लेकर उम्मीद जताते हुए कहा कि अनौपचारिक संपर्क आगे की कूटनीतिक प्रक्रिया का आधार बन सकते हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0