मणिपुर आईईडी ब्लास्ट मामले में एनआईए ने एक और आरोपित को किया गिरफ्तार

29 Sep 2026 22:53:53
एनआईए


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के मोइरांग क्षेत्र में त्रोंगलाओबी आवांग लीकाई में 7 अप्रैल को हुए आईईडी हमले के मामले में थांगमांग हाओकिप को गिरफ्तार किया है। हमले में दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है।

एनआईए के अनुसार, चुराचांदपुर निवासी करीब 48 वर्षीय थांगमांग हाओकिप को 25 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। उसे इंफाल स्थित विशेष एनआईए अदालत-द्वितीय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 12 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले में एस. पालाल थाडोउ कूकी को इससे पहले 12 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

यह मामला आरसी-04/2026/एनआईए/आईएमपी के तहत दर्ज है। शुरुआत में मोइरांग पुलिस थाने में अज्ञात उग्रवादियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। एनआईए के अनुसार सात अप्रैल को त्रोंगलाओबी आवांग लीकाई में पहाड़ी से एक आवासीय मकान की ओर विस्फोटक उपकरण फेंका गया था, जो मकान की दीवार से टकराया। घटना में परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनमें दो नाबालिग बच्चों की बाद में मौत हो गई।

घटनास्थल के पास एक बिना फटा हुआ आईईडी-आरपीजी भी बरामद किया गया था। एनआईए ने 23 अप्रैल को मामले को फिर से दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की थी।

एनआईए के अनुसार, जांच के दौरान थांगमांग हाओकिप की इस मामले में संलिप्तता सामने आई। एजेंसी अब हमले की साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी तथा हमले के पीछे के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0