तेल अवीव, 03 सितंबर (हि.स.)। इजराइल ने लेबनान के साथ चल रही बातचीत के बीच दक्षिणी लेबनान से हिरासत में लिए गए पांच लेबनानी नागरिकों को रिहा करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि यह कदम लेबनान की ओर से लेबनानी यहूदी समुदाय के दिवंगत नेताओं के अवशेषों की तलाश और उन्हें वापस लाने के प्रयासों में हाल में की गई मदद के बाद उठाया गया है।
इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों ने जमीन पर अभियान सहित कई स्तरों पर इन अवशेषों की तलाश के प्रयास किए। जांच के बाद यह सामने आया कि हिरासत में लिए गए पांचों लोग आम नागरिक हैं और उनका किसी आतंकवादी संगठन से संबंध नहीं है। उनके आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के भी कोई प्रमाण नहीं मिले हैं।
कार्यालय ने बताया कि नेतन्याहू ने अधिकारियों को लेबनान के यहूदी समुदाय के उन नेताओं के शवों की तलाश और वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, जिन्हें 1980 के दशक के मध्य में कथित तौर पर अगवा कर हत्या कर दी गई थी।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति ने पांच में से एक बंदी को लेबनान को सौंपे जाने की पुष्टि की है। रिपोर्टों के अनुसार, दोनों देश बंदियों की रिहाई के साथ-साथ लेबनानी और इजराइली यहूदी नागरिकों के अवशेषों की पहचान एवं वापसी को लेकर भी अलग-अलग स्तर पर बातचीत कर रहे हैं।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय