प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के अपने समकक्ष बार्ट डी वेवर से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर

03 Sep 2026 12:32:53
नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में बेल्जिय के प्रधानमंत्री से मुलाकात करते प्रधानमंत्री मोदी।


नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को यहां हैदराबाद हाउस में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत हो रही है।

इससे पहले भारत पहुंचे बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।

डी वेवर तीन दिन की आधिकारिक भारत यात्रा पर बुधवार रात नई दिल्ली पहुंचे । उनके साथ बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकन भी भारत आए हैं। फरवरी 2025 में पदभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री के तौर पर डी वेवर की यह पहली भारत यात्रा है। नई दिल्ली पहुंचने पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उनका स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, डी वेवर की यात्रा का उद्देश्य भारत और बेल्जियम के बीच करीबी और बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करना है। दोनों पक्ष व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, संपर्क तथा लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संदर्भ में भारतीय उद्योग परिसंघ के एक व्यापार कार्यक्रम में मुख्य भाषण भी देंगे। इसके बाद वह मुंबई जाएंगे, जहां वह हीरा, बंदरगाह और रसद क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे।

भारत और बेल्जियम के बीच आर्थिक संबंधों में हीरा व्यापार का महत्वपूर्ण है। बेल्जियम के एंटवर्प को वैश्विक हीरा कारोबार के प्रमुख केंद्रों में गिना जाता है। दोनों देशों के बीच 2025-26 में द्विपक्षीय व्यापार 13 अरब डॉलर से अधिक रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0