'टॉक्सिक' की कमाई में गिरावट जारी

03 Sep 2026 12:55:53
यश - फोटो सोर्स एक्स


कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन रिलीज के एक हफ्ते बाद लगातार कमजोर होता जा रहा है। फिल्म ने पहले दिन 'जवान' और 'पठान' जैसी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 101.10 करोड़ रुपये की शानदार शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली। 'केजीएफ: चैप्टर 2' की जबरदस्त सफलता के करीब चार साल बाद यश की वापसी से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन फिल्म अब उस स्तर का प्रदर्शन करती नजर नहीं आ रही है।

सैकनिल्क के मुताबिक, 'टॉक्सिक' ने रिलीज के आठवें दिन यानी बुधवार को महज 5.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जो फिल्म का अब तक का सबसे कम दैनिक कारोबार है। इससे पहले सातवें दिन फिल्म ने 7.85 करोड़ और छठे दिन 7.65 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह फिल्म ने भारत में अब तक करीब 234.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई करीब 322 करोड़ रुपये बताई जा रही है। शुरुआती तेजी के बाद लगातार गिरता कारोबार फिल्म के लिए चिंता का विषय बन गया है।

रिलीज से पहले 'टॉक्सिक' को लेकर जबरदस्त चर्चा थी और उम्मीद की जा रही थी कि यह रणवीर सिंह की 'धुरंधर: द रिवेंज' के करीब 1,361 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को चुनौती दे सकती है। हालांकि, मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म के लिए 500 करोड़ रुपये के कथित बजट को पार करना भी मुश्किल नजर आ रहा है। ऊपर से बॉक्स ऑफिस पर नई फिल्मों की चुनौती बढ़ गई है। दुलकर सलमान की 'आई एम गेम' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है, जबकि अली फजल की 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर को रिलीज होने वाली है। ऐसे में आने वाले दिनों में 'टॉक्सिक' के लिए अपनी पकड़ बनाए रखना आसान नहीं होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0