नेपाल त्रासदी में मदद के लिए आगे आए संत, 30 मिनट में जुटाए 38 लाख रुपये

युगवार्ता    03-Sep-2026
Total Views |
बैठक में मौजूद संत


- अखाड़ा परिषद की बैठक में इस आर्थिक सहायता को 51 लाख किए जाने का हुआ निर्णय

हरिद्वार, 03 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में आई त्रासदी से निपटने के लिए धर्म नगरी हरिद्वार से संत आगे आए हैं। गुरुवार को बड़ा उदासीन अखाड़े में अखाड़ा परिषद के संतों और आश्रमों के महंतों ने एक आपात बैठक कर नेपाल की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए। बैठक में अखाड़ों और विभिन्न आश्रमों की तरफ से करीब 38 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एकत्र की गई। संतों ने तय किया है कि अन्य अखाड़े और आश्रमों से बात कर इस धनराशि को 51 लाख करके डीएम के माध्यम से नेपाल की सहायता के लिए भेजा जाएगा।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी ने कहा कि सभी अखाड़े के संतों महंतों ने आपात बैठक कर नेपाल की हर संभव मदद का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इस आपात बैठक में करीब 38 लाख रुपये जुटाए गए, जिसे अन्य अखाड़े और संतों के साथ वार्ता कर 51 लाख किया जाएगा और जल्द ही जिलाधिकारी के माध्यम से इसे नेपाल भेजा जाएगा।

अकेले 11 लाख की मदद करने वाले अखाड़ा परिषद के मीडिया संयोजक करौली शंकर महाराज ने कहा कि कुंभ की तैयारी को विराम देते हुए नेपाल की मदद का बीड़ा अखाड़ा परिषद ने उठाया है। इसमें भरपूर मदद सभी संतो महंतों के द्वारा की जा रही है।

गरीबदासीय आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी रविदेव शास्त्री ने बताया कि उन्होंने पहले युवा भारत साधु समाज के साथ बैठक कर आर्थिक सहायता जुटाई, उसके बाद अखाड़ा परिषद के साथ मिलकर उनका सहयोग लिया और अब अन्य सामाजिक और धार्मिक संगठनों के साथ बैठक कर वह अधिक से अधिक नेपाल की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Tags