वरुण धवन का देसी अंदाज, खेतों में सीख रहे धान की खेती

03 Sep 2026 15:07:53
वरुण धवन - फोटो सोर्स एक्स


वरुण धवन - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेता वरुण धवन इन दिनों फिल्मों के साथ-साथ खेती-बाड़ी का भी आनंद लेते नजर आ रहे हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने बताया था कि उन्होंने एक फार्म खरीदा है और इसे अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया था। उस समय सामने आए वीडियो में वरुण अपने फार्म पर बैठकर चाय और बिस्कुट का लुत्फ उठाते दिखाई दिए थे। अब अभिनेता ने फार्म से अपनी कुछ नई तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें उनका एक बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिल रहा है।

वरुण ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, 'खेती शुरू।' तस्वीरों में वह खेत में धान के पौधे लगाते और किसानों के साथ मिलकर खेत जोतते नजर आ रहे हैं। अभिनेता बेहद सहज अंदाज में खेती के तौर-तरीके सीखते दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों से साफ है कि वरुण सिर्फ फार्म खरीदकर रुकने के बजाय खेती के काम को करीब से समझने और खुद उसका अनुभव लेने में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

वरुण की इन तस्वीरों पर उनके प्रशंसक भी मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता को आखिरी बार फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में देखा गया था। जून 2026 में रिलीज हुई इस फिल्म में वरुण के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आई थीं। फिल्मों से इतर वरुण का यह देसी और किसान वाला अंदाज सोशल मीडिया पर भी चर्चा बटोर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0