2030 तक मुंबई में रोजाना 3,500 लोकल ट्रेनें चलाने का लक्ष्य : अश्विनी वैष्णव

03 Sep 2026 21:39:53

मुंबई, 03 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आधुनिक तकनीक और मजबूत बुनियादी ढांचे के जरिए वर्ष 2030 तक मुंबई में लोकल ट्रेनों की दैनिक संख्या बढ़ाकर 3,500 करने का लक्ष्य रखा गया है। मुंबई की मौजूदा रेलवे व्यवस्था भरोसेमंद है और इसे आधुनिक तकनीक के माध्यम से और मजबूत किया जाएगा। मुंबई उपनगरीय रेलवे की क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 18,000 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के प्लेटफॉर्म नंबर 18 पर आयोजित मुंबई-सावंतवाड़ी एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। रेलवे मंत्री वैष्णव ने कहा कि मुंबई के रेलवे नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। जोगेश्वरी में पांच नए प्लेटफॉर्म और दो पिट लाइन, दादर में एक नया प्लेटफॉर्म तथा वसई रोड क्षेत्र में छह प्लेटफॉर्म, तीन पिट लाइन और पांच स्टेबलिंग लाइन विकसित की जा रही हैं। लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर चार नए प्लेटफॉर्म और दो पिट लाइन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा कई प्लेटफॉर्म का विस्तार कर उन्हें 15 कोच वाली लोकल ट्रेनों के संचालन के अनुरूप बनाया जाएगा।

रेलवे मंत्री वैष्णव ने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वर्ष 350 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आवश्यकता पडऩे पर 20 और विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी रेलवे प्रशासन ने की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कोंकण के लाखों परिवारों को जोड़ेगी सावंतवाड़ी एक्सप्रेस : पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कोंकण प्राकृतिक संपदा से समृद्ध क्षेत्र है। इस प्राकृतिक संपदा को आर्थिक समृद्धि में बदलने के लिए बेहतर रेलवे, हाईवे, सड़क और संचार सुविधाएं आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सावंतवाड़ी एक्सप्रेस केवल दो टर्मिनलों को जोड़ने वाली ट्रेन नहीं, बल्कि कोंकण के लाखों परिवारों को करीब लाने वाली सेवा साबित होगी। रोजाना चलने वाली यह ट्रेन रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के यात्रियों को सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। कोंकण के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, मत्स्य एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे, महापौर रितु तावड़े और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0