
नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के लिए किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। केंद्र सरकार ने मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में दलहन एवं तिलहन की 5,547.99 करोड़ रुपये की उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद को मंजूरी दी है। सरकार के मुताबिक, इसका उद्देश्य बाजार भाव गिरने की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना है।
बुधवार को फैसले की जानकारी देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिले और खरीद व्यवस्था पारदर्शी एवं सुगम हो।
उत्तर प्रदेश में 3,992.57 करोड़ की खरीद
केंद्र सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश में 3,992.57 करोड़ रुपये की खरीद को मंजूरी दी गई है। इसमें 4.66 लाख मीट्रिक टन तुअर की 3,937.70 करोड़ रुपये और 6,250 मीट्रिक टन मूंग की 54.87 करोड़ रुपये की खरीद शामिल है।
कर्नाटक में 1,107 करोड़ की खरीद
कर्नाटक में दलहन एवं तिलहन किसानों से 1,107 करोड़ रुपये की उपज खरीदी जाएगी। इसमें 1.15 लाख मीट्रिक टन सोयाबीन की 659.27 करोड़ रुपये, 38,250 मीट्रिक टन मूंग की 335.83 करोड़ रुपये और 13,413 मीट्रिक टन सूरजमुखी की 111.90 करोड़ रुपये की खरीद शामिल है।
तेलंगाना में 448.42 करोड़ की खरीद
तेलंगाना में 448.42 करोड़ रुपये की खरीद को मंजूरी मिली है। इसके तहत 62,000 मीट्रिक टन सोयाबीन की 353.90 करोड़ रुपये और 10,766 मीट्रिक टन मूंग की 94.52 करोड़ रुपये की खरीद एमएसपी पर की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस फैसले से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलने के साथ देश में दलहन और तिलहन के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। इससे दाल और खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी खरीद केंद्रों पर व्यवस्था पारदर्शी रखी जाएगी और किसानों को उनकी उपज की राशि सीधे बैंक खातों में समयबद्ध तरीके से दी जाएगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी