अगर ईरान से अनुरोध मिले तो आईएईए तुरंत वहां इंस्पेक्टर भेजने को तैयार है : ग्रोसी

30 Sep 2026 13:34:53
सांकेतिक


संयुक्त राष्ट्र, 30 सितंबर (हि.स./रिया नाेवाेस्ती)। इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (आईएईए) के डायरेक्टर जनरल राफेल ग्रोसी ने बताया कि अगर ईरान से अनुरोध मिलता है तो एजेंसी देश में अपने कामकाज को पूरी तरह से फिर से शुरू करने के लिए तुरंत इंस्पेक्टर भेजने को तैयार है।

ईरान में आईएईए का काम फिर से शुरू होने के बारे में पूछे जाने पर ग्रोसी ने रूसी न्यूज एजेंसी रिया नाेवाेस्ती से बताया, अगर हमसे कहा जाए, तो कल ही, तुरंत।

इस तैनाती के व्यावहारिक होने के बारे में पूछे गए एक और सवाल के जवाब में एजेंसी प्रमुख ने कहा कि एक्सपर्ट्स पहले से लौटने के लिए तैयार हैं। ग्रोसी ने कहा, व्यावहारिक तौर पर भी। हमारी टीमें तैयार हैं। हमें ठीक-ठीक पता है कि कहां जाना है और क्या करना है। इसलिए यह सिर्फ कहने की बात नहीं है; यह हमारी असल क्षमता है। हमारी टीमें तुरंत तैनाती के लिए तैयार हैं।

पिछले साल ईरान की परमाणु सुविधाओं पर हमलों और उसके बाद एजेंसी के साथ सहयोग रोकने के तेहरान के फैसले के कारण ईरान में आईएईए की बड़े पैमाने पर निरीक्षण गतिविधियां रुक गई थीं। सुरक्षा कारणों से आईएईए इंस्पेक्टरों को देश से वापस बुला लिया गया था, जबकि सुरक्षा उपायों के दायरे में आने वाली परमाणु सुविधाओं तक एजेंसी की पहुंच काफी सीमित कर दी गई थी।

दूसरी ओर ईरान के एक राजनयिक सूत्र ने मंगलवार को रिया नाेवाेस्ती से कहा कि ईरान परमाणु मुद्दे पर तभी बातचीत के लिए तैयार होगा जब होर्मुज जलडमरूमध्य का मसला सुलझ जाएगा और अमेरिका द्वारा लगाई गई नाकेबंदी हटा ली जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0