
नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को यहां भारत मंडपम में संघ लोक सेवा आयोग के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। वह सुबह 11 बजे समारोह को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री संघ लोक सेवा आयोग की शताब्दी के उपलक्ष्य में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री ‘भारत में संघ लोक सेवा आयोग और राज्य लोक सेवा आयोगों की नीतियों को आकार देने वाले 100 महत्वपूर्ण निर्णय’ पुस्तक का भी विमोचन करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह कार्यक्रम वर्षभर चले शताब्दी समारोहों का समापन होगा। संघ लोक सेवा आयोग की स्थापना वर्ष 1926 में हुई थी। स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों की शुरुआत पिछले वर्ष 01 अक्टूबर को हुई थी।
समारोह में देशभर से राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, संघ लोक सेवा आयोग के अधिकारी और अन्य संबंधित लोग शामिल होंगे।
संघ लोक सेवा आयोग की ओर से 30 सितंबर और 01 अक्टूबर को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन भारत मंडपम में ‘शताब्दी समारोह-मंथन’ आयोजित होगा। इसमें प्रख्यात वक्ताओं के संबोधन के बाद विभिन्न विषयों पर परिचर्चाएं होंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर