पायनियर फैब्रिकेटर्स लिमिटेड ने आईपीओ के लिए सेबी के समक्ष डीआरएचपी किया दाखिल

30 Sep 2026 19:38:53
आईपीओ के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। नई दिल्ली स्थित पायनियर फैब्रिकेटर्स लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

सेबी के पास जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार पायनियर फैब्रिकेटर्स लिमिटेड कंपनी की योजना इस आईपीओ इस इश्यू से 190 करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी के 10 रुपये फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में 190 करोड़ तक का फ्रेश इश्यू है। इसके शेयर एनएसई और बीएसई पर लिस्टिंग के लिए प्रस्तावित हैं।

पायनियर फैब्रिकेटर्स लिमिटेड इस फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 63 करोड़ रुपये की धन का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसके अलावा 4.69 करोड़ रुपये का इस्तेमाल मौजूदा विनिर्माण इकाई के लिए प्लांट और मशीनरी खरीदने और सिविल कंस्ट्रक्शन के लिए किया जाएगा, जबकि शेष 58.6 करोड़ रुपये का इस्तेमाल प्रस्तावित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए प्लांट और मशीनरी खरीदने, सिविल कंस्ट्रक्शन और सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए किया जाएगा।

कंपनी का ये ऑफर बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के ज़रिए लाया जा रहा है, जिसमें नेट ऑफर का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदार को नहीं दिया जाएगा, और नेट ऑफर का कम से कम 15 फीसदी और 35 फीसदी हिस्सा क्रमशः गैर-संस्थागत बोलीदाता और खुदरा व्यक्तिगत बोलीदाता को दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली स्थित 1988 में बनी यह एक इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियरिंग कंपनी है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर और स्ट्रक्चरल प्रोजेक्ट्स की प्लानिंग, डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट, फैब्रिकेशन, कंस्ट्रक्शन, इरेक्शन और एग्जीक्यूशन का काम करती है। इसके मुख्य बिजनेस ऑपरेशन रेलवे, मेट्रो, सड़क और हाईवे, इंडस्ट्रियल और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0