एशियन खेल 2026: लवलीना बोरगोहेन फाइनल में, बोगदानोवा को 3-2 से हराया

30 Sep 2026 11:26:53
भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन


आइची-नागोया, 30 सितंबर (हि.स.)। भारत की स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने एशियन खेल 2026 में महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। निशियो जिम्नेजियम में बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल में लवलीना ने कजाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा को कड़े मुकाबले में 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से हराया।

लवलीना ने मुकाबले की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं की और पहला राउंड 2-3 से गंवा दिया। हालांकि, भारतीय मुक्केबाज ने दूसरे राउंड में शानदार वापसी की। सभी पांच जजों ने दूसरे राउंड में लवलीना के पक्ष में 10 अंक दिए, जिससे उन्होंने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

बोगदानोवा ने तीसरे राउंड में भी 3-2 से बढ़त बनाई, लेकिन शुरुआती दो राउंड में लवलीना की बढ़त को पार करने के लिए यह पर्याप्त नहीं था। भारतीय मुक्केबाज ने कुल स्कोर के आधार पर मुकाबला अपने नाम करते हुए फाइनल का टिकट कटाया।

सेमीफाइनल से पहले लवलीना ने दक्षिण कोरिया की सेओंग सुयोन को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी।

अब लवलीना की नजर एशियन खेल में अपने पदक का रंग बदलने पर होगी। उन्होंने तीन साल पहले हांगझोऊ एशियन खेल में मिडिलवेट वर्ग में रजत पदक जीता था। इस बार वह स्वर्ण पदक के लिए रिंग में उतरेंगी।

लवलीना ने इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में भी रजत पदक जीता था। उन्हें फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एमा-स्यू ग्रीनट्री के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0