बांग्लादेश, न्यूजीलैंड सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम घोषित, सोफी मोलिन्यू होंगी कप्तान

30 Sep 2026 09:25:53
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिन्यू


मेलबर्न, 30 सितंबर (हि.स.)।

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए अपनी महिला टीम घोषित कर दी है। दोनों सीरीज के लिए सोफी मोलिन्यू को कप्तान बनाया गया है। हालांकि, कूल्हे की चोट से उबर रही मोलिन्यू की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जाएगी।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि मोलिन्यू टीम में शामिल हैं, लेकिन चोट से पूरी तरह उबरने के बाद ही उनकी सीरीज में भागीदारी पर अंतिम फैसला होगा। राष्ट्रीय चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने कहा कि मोलिन्यू कूल्हे की चोट का प्रबंधन कर रही हैं और आने वाले दिनों में उनकी स्थिति का आकलन किया जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया ने दोनों सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम चुनी है। तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन पीठ की चोट के कारण टीम से बाहर हैं, जबकि लूसी हैमिल्टन बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में क्वाड स्ट्रेन के कारण उपलब्ध नहीं रहेंगी। हालांकि, उनके न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज तक फिट होने की उम्मीद है।

ग्रेस हैरिस को टीम में जगह नहीं मिली है। चयनकर्ता फ्लेगलर ने स्पष्ट किया कि वह भविष्य की योजनाओं में बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि टी20 टीम का आकार छोटा होने और विश्व कप के दौरान सीमित अवसरों के कारण हैरिस चयन से चूक गईं।

बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 9 अक्टूबर से शुरू होगी। तीनों मुकाबले ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड में खेले जाएंगे। पहला वनडे 9 अक्टूबर, दूसरा 11 अक्टूबर और तीसरा 14 अक्टूबर को होगा।

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी। पहला मैच 18 अक्टूबर, दूसरा 20 अक्टूबर और तीसरा 22 अक्टूबर को सिडनी के नॉर्थ सिडनी ओवल में खेला जाएगा।

फ्लेगलर ने कहा कि विश्व कप के बाद होने वाले ये छह मुकाबले ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए चुनौतीपूर्ण होंगे और बांग्लादेश तथा न्यूजीलैंड दोनों अलग-अलग तरह की चुनौती पेश करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया टीम: निकोला कैरी, एश गार्डनर, किम गर्थ, लूसी हैमिल्टन*, एलाना किंग, फीबी लिचफील्ड, ताहलिया मैक्ग्रा (उपकप्तान), सोफी मोलिन्यू (कप्तान), बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शुट्ट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल और जॉर्जिया वेयरहैम।

*लूसी हैमिल्टन बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0