एशियन खेल हॉकी: सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे भारत-पाकिस्तान, रोमांच होगा चरम पर

30 Sep 2026 13:27:53
भारतीय पुरुष हॉकी टीम (फोटो-एशियन हॉकी फेडरेशन)


नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। एशियन खेल 2026 में गुरुवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमें टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी, जहां जीतने वाली टीम स्वर्ण पदक के मुकाबले में पहुंचेगी। दूसरा सेमीफाइनल मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच खेला जाएगा।

गत चैंपियन भारत ने पूल चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचों मुकाबले जीते और पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर की। इसके बाद श्रीलंका को 16-1, दक्षिण कोरिया को 8-2, मेजबान जापान को 2-0 और बांग्लादेश को 10-0 से शिकस्त दी।

भारतीय टीम की आक्रमण पंक्ति ने अबतक शानदार प्रदर्शन किया है। दिलप्रीत सिंह नौ गोल के साथ टूर्नामेंट के संयुक्त रूप से दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर हैं। अभिषेक और कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नाम आठ-आठ गोल हैं। पेनल्टी कॉर्नर में हरमनप्रीत की ड्रैग-फ्लिक भारत का अहम हथियार रही है।

वहीं, पाकिस्तान पूल-बी में शीर्ष पर रहते हुए भारत से फाइनल में भिड़ने की स्थिति में था लेकिन मलेशिया के खिलाफ 4-5 की हार के कारण उसे दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। पाकिस्तान ने थाईलैंड को 9-0, उज्बेकिस्तान को 5-1, चीन को 3-0 और ओमान को 7-2 से हराया।

पाकिस्तान के लिए सुफियान खान सबसे बड़ा खतरा होंगे। पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे सुफियान के नाम अब तक 11 गोल हैं और वह टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर हैं। ऐसे में सुफियान और भारतीय कप्तान हरमनप्रीत के बीच पेनल्टी कॉर्नर की जंग मुकाबले का अहम पहलू हो सकती है।

राजकुमार पाल बाहर, निलकंठ शर्मा टीम में

भारत को सेमीफाइनल से पहले बड़ा झटका लगा है। बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी पूल मुकाबले में राजकुमार पाल के बाएं अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया, जिसके कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह रिजर्व खिलाड़ी नीलकंठ शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।

मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि राजकुमार का चोटिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन नीलकंठ के आने से टीम को अनुभवी खिलाड़ी का विकल्प मिला है। नीलकंठ ओलंपिक और विश्वकप जैसे बड़े टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

भारत का पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला सिर्फ सेमीफाइनल नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता का एक और अध्याय होगा। भारत ने 2016 दक्षिण एशियाई खेलों के फाइनल के बाद से पाकिस्तान के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं गंवाया है। गत चैंपियन भारतीय टीम इस सिलसिले को बरकरार रखते हुए लगातार दूसरी बार एशियन खेल के फाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगी।

भारत के मुख्य कोच फुल्टन ने कहा कि सेमीफाइनल टूर्नामेंट का बेहद महत्वपूर्ण मुकाबला है और टीम पेनल्टी कॉर्नर के आक्रमण और बचाव सहित अपनी रणनीति पर ध्यान केंद्रित करेगी।

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा। जीतने वाली टीम स्वर्ण पदक के लिए फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0