एशियन खेल 2026: सुमित नागल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, फोमिन को सीधे सेटों में हराया

30 Sep 2026 12:30:53
सुमित नागल


आइची-नागोया, 30 सितंबर (हि.स.)। भारत के टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने एशियन खेल 2026 में पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। नागल ने बुधवार को राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में उज्बेकिस्तान के सर्गेई फोमिन को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से हराया।

नागल ने पूरे मुकाबले में नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने पहले सेट में 6-3 से जीत दर्ज की और दूसरे सेट में भी अपनी लय बरकरार रखते हुए 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ नागल पदक पक्का करने से अब सिर्फ एक जीत दूर हैं।

फोमिन के खिलाफ यह नागल की लगातार तीसरी जीत है। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक हुए तीनों मुकाबले भारतीय खिलाड़ी ने जीते हैं।

क्वार्टर फाइनल में नागल का सामना चीन के वू यिबिंग से होगा। यह मुकाबला 1 अक्टूबर को खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0