बरेका में अंतर-रेलवे कुश्ती के दूसरे दिन दांव-पेंच का रोमांच, फ्री स्टाइल में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ

30 Sep 2026 18:30:53
बरेका में अंतर-रेलवे कुश्ती , दांव-पेंच आजमाते पहलवान


बरेका में अंतर-रेलवे कुश्ती , दांव-पेंच आजमाते पहलवान


—ग्रीको-रोमन के 60, 67, 77 एवं 97 किग्रा भार वर्गों में पहलवानों ने सेमी फाइनल में बनाई जगह

वाराणसी,30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में चल रही 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता-2026-27 के दूसरे दिन बुधवार को अखाड़े में दांव-पेंच, शक्ति और तकनीक का जबरदस्त संगम दिखा। विभिन्न भार वर्गों में पहलवानों ने अपने दमदार प्रदर्शन से मुकाबलों को बेहद रोमांचक बना दिया। एक-एक अंक के लिए पहलवानों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और मुकाबलों के साथ सेमी फाइनल की तस्वीर भी स्पष्ट होती गई।

प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल के 65 किग्रा भार वर्ग में वेस्टर्न रेलवे के अजय, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के नीरज, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के उदित तथा मेजबान बरेका के दीपांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसी तरह 86 किग्रा फ्रीस्टाइल में रेलवे कोच फैक्टरी के संजीव, बरेका के सचिन गिरी, वेस्टर्न रेलवे के परमीत तथा नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई। इसी प्रकार 125 किग्रा फ्रीस्टाइल में नॉर्दर्न रेलवे के अनिरुद्ध, सेंट्रल रेलवे के महेंद्र गाई, वेस्टर्न रेलवे के अमन राठी तथा नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के जोंटी कुमार ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।

—ग्रीको-रोमन में भी जोरदार मुकाबले

ग्रीको-रोमन वर्ग के मुकाबलों में भी पहलवानों ने शानदार कुश्ती का प्रदर्शन किया। 60 किग्रा भार वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे के मनीष तथा नॉर्दर्न रेलवे के सूरज ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। 67 किग्रा भार वर्ग में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के विकास, वेस्टर्न रेलवे के सचिन, सेंट्रल रेलवे के विक्रम कुर्द तथा अनिल ने अंतिम चार में प्रवेश किया। 77 किग्रा भार वर्ग में मेजबान बरेका के सागर ठाकरान, ईस्ट सेंट्रल रेलवे के अमित, नॉर्दर्न रेलवे के विकास तथा वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए सेमीफाइनल में स्थान बनाया। वहीं, 97 किग्रा ग्रीको-रोमन में पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडु, वेस्टर्न रेलवे के नितेश कुमार, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के रवि तथा सेंट्रल रेलवे के विनोद गोरे ने अंतिम चार में प्रवेश किया।

दूसरे दिन अखाड़े में पहलवानों ने तकनीक, ताकत, फुर्ती और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। कई मुकाबलों में पहलवानों ने आखिरी क्षण तक बढ़त के लिए जोर लगाया, जिससे दर्शकों में भी खासा उत्साह बना रहा। मेजबान बरेका के पहलवानों के मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में रेलवे के कई अनुभवी एवं चर्चित पहलवानों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतियोगिता के दौरान राजीव तोमर, संदीप यादव, पप्पू यादव एवं कृपा शंकर बिश्नोई जैसे नामी पहलवानों की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0