दादाभाई नौरोजी की जयंती पर संविधान सदन में श्रद्धांजलि दी गई

04 Sep 2026 14:25:53
संसद भवन की प्रतीकात्मक फोटो


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। महान स्वतंत्रता सेनानी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के तीन बार अध्यक्ष रहे दादाभाई नौरोजी की जयंती पर शुक्रवार को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह, राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी, संसद के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।दादाभाई नौरोजी को ‘द ग्रैंड ओल्ड मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है। वह वर्ष 1892 में ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स के लिए चुने जाने वाले पहले ब्रिटिश-भारतीय बने थे। उन्होंने भारत से ब्रिटेन की ओर संपदा के प्रवाह को लेकर ड्रेन ऑफ वेल्थ सिद्धांत प्रस्तुत किया था। इस सिद्धांत के जरिए उन्होंने ब्रिटिश शासन की आर्थिक नीतियों और भारत के आर्थिक शोषण को उजागर किया। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक और राजनीतिक आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।दादाभाई नौरोजी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संस्थापकों में से एक थे और 1886, 1893 तथा 1906 में तीन बार कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। वर्ष 1906 के अधिवेशन में उन्होंने सबसे पहले सार्वजनिक रूप से स्वराज की मांग रखी थी। स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान देते हुए तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष जीवी मावलंकर ने 13 मार्च 1954 को संसद में दादाभाई नौरोजी के चित्र का अनावरण किया था। -----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0