देशभर में अगले 5-7 दिन भारी बारिश के आसार

04 Sep 2026 17:21:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम क्षेत्र से लेकर दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों तक अगले 5-7 दिनों के दौरान कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा होने के आसार हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी अगले तीन दिनों के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह से दोपहर से पहले तक कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। दोपहर से शाम के समय भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का एक और दौर हो सकता है। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29-31 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार को भी हल्की बारिश की संभावना है। राजधानी का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31-33 डिग्री सेल्सियस और 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सोमवार को भी यही स्थिति बनी रहने का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआईर में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश होने से मौसम पहले से और अधिक सुहावना हो गया है।

आईएमडी के मुताबिक उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य भागों और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने 'वेल मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया' (अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र) के कारण पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 5 सितंबर को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

अगले 6-7 दिनों तक प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधि कम रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम क्षेत्रों में 4-5 दिनों के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। मध्य भारत के 6 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में और 5-8 सितंबर के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वी भारत में 4-8 सितंबर के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में, 4 सितंबर एवं 8-9 सितंबर के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में, 9 सितंबर को झारखंड में, 5-8 सितंबर के दौरान बिहार में और 9-10 सितंबर के दौरान ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत के अगले 6-7 दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा का अनुमान है। पश्चिमी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी इसी दौरान भारी बारिश हो सकती है। इस बीच सभी क्षेत्रों में तूफानी हवाएं भी चल सकती हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0