रामदास आठवले ने श्रमिकों को वितरित किए ‘नमस्ते’ व 'आयुष्मान' कार्ड

04 Sep 2026 15:02:53
केन्द्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले के साथ अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने शुक्रवार को मटियाला स्थित एमसीडी सामुदायिक भवन में नजफगढ़ जोन के कचरा बीनने वाले श्रमिकों को ‘नमस्ते’ और 'आयुष्मान' कार्ड वितरित किए।

मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र (नमस्ते) योजना के तहत कचरा बीनने वाले श्रमिकों को औपचारिक पहचान देने और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। इस योजना का उद्देश्य जोखिमपूर्ण मैनुअल सफाई को समाप्त करना, स्वच्छता कार्यों का मशीनीकरण करना और श्रमिकों को कौशल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा लाभ देना है।

मंत्री ने कहा कि सरकार स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने और कल्याणकारी योजनाओं तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर काम करती रहेगी।

इस कार्यक्रम के दौरान नमस्ते कार्ड के साथ-साथ श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए, जिससे उन्हें मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा कवरेज मिल सके। इस दौरान एमसीडी के नजफगढ़ जोन से 300 से अधिक कचरा बीनने वाले श्रमिकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0