नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए 29 देशों समेत बड़े अंतरराष्ट्रीय संगठनों का सहयोग

04 Sep 2026 18:05:53
नेपाल को मिल रहा राहत सामग्री


काठमांडू, 04 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में आई आपदा के दौरान अबतक 29 देशों समेत बड़े अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने नेपाल को सहयोग और समर्थन दिया है। कुछ देशों ने आवश्यक मानवीय सहायता उपलब्ध कराई है, जबकि कुछ ने आर्थिक सहायता के साथ राहत सामग्री भी भेजी है।

विदेश मंत्रालय की शुक्रवार दोपहर की प्रेस ब्रीफिंग के अनुसार, आपदा के समय पर एकजुटता और सहयोग प्रदान करने वाले देशों में भारत, चीन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ब्रिटेन, जापान, अमेरिका, कतर, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, लातविया, लक्जमबर्ग, मलेशिया, म्यांमार, भूटान, बांग्लादेश, पाकिस्तान, नॉर्वे, इजराइल, कनाडा, श्रीलंका, थाईलैंड, वियतनाम, न्यूजीलैंड, डेनमार्क, स्विट्जरलैंड, आयरलैंड और चेक गणराज्य शामिल हैं।

इसी तरह यूरोपीय संघ, एशियाई विकास बैंक, विश्वबैंक, संयुक्त राष्ट्र संघ सहित अन्य मित्र देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी नेपाल को सहायता प्रदान की है।

इसके अलावा व्यक्तिगत स्तर पर और सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी नेपाल के लिए सहायता की घोषणा की गई है। नेपाल सरकार ने सभी देशों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, संस्थाओं और सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0