एनएसई के आईपीओ को मिली हरी झंडी, सेबी ने ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया

04 Sep 2026 19:08:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) ने एनएसई के आईपीओ के लिए हरी झंडी दे दी है। एनएसई ने 17 जून को सेबी के पास अपने आईपीओ के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) फाइल किया था, जिस पर मार्केट रेगुलेटर ने आज ऑब्जर्वेशन लेटर जारी कर दिया।

एनएसई के आईपीओ को लेकर पिछले एक दशक से कोशिश चल रही थी। हालांकि, रेगुलेटरी इश्यूज के चलते एनएसई के आईपीओ को अभी तक मंजूरी नहीं मिल सकी थी। अब सेबी की ओर से ऑब्जर्वेशन लेटर जारी हो जाने के बाद एनएसई के आईपीओ का रास्ता साफ हो गया है। एनएसई के आईपीओ के लिए अगले सप्ताह 8 सितंबर को रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) फाइलिंग हो सकती है। अगले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 11 सितंबर को इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड का ऐलान किया जा सकता है। इसके एक सप्ताह बाद एनएसई का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च हो सकता है, जबकि इसके शेयरों की लिस्टिंग बीएसई पर 25 सितंबर को हो सकती है।

हालांकि, अभी आईपीओ की लॉन्चिंग, क्लोजिंग, एलॉटमेंट और लिस्टिंग से जुड़ी तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। एनएसई इन महत्वपूर्ण तिथियों की घोषणा मर्चेंट बैंकर्स के साथ चर्चा करने के बाद अगले सप्ताह 7 सितंबर यानी सोमवार को कर सकता है। एनएसई का यह पब्लिक इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा। मतलब इस आईपीओ में कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा। ऑफर फॉर सेल के तहत एसबीआई ग्रुप इस आईपीओ में अपनी बड़ी हिस्सेदारी बेचने वाला है। इस आईपीओ में 14.89 करोड़ शेयरों की बिक्री की जाएगी। बताया जा रहा है कि शेयरों की ये संख्या एक्सचेंज के पेड-अप कैपिटल की लगभग छह प्रतिशत है।

दावा किया जा रहा है कि एनएसई का ये आईपीओ अभी तक का सबसे बड़ा आईपीओ होगा। इससे पहले ह्युंडई मोटर इंडिया ने दो साल पहले 2024 में 27,870 करोड़ रुपये का आईपीओ लॉन्च किया था, जो देश में अभी तक का सबसे बड़ा आईपीओ माना जाता है। एनएसई ने अभी अपने आईपीओ के फाइनल साइज का ऐलान नहीं किया है, लेकिन अनलिस्टेड मार्केट (ग्रे मार्केट) के अनुमान के आधार पर माना जा रहा है कि इस आईपीओ का साइज लगभग 30,000 करोड़ रुपये हो सकता है। इस पब्लिक इश्यू के साइज का यह अनुमान ग्रे मार्केट में एनएसई के मौजूदा वैल्यूएशन के आधार पर लगाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0