इंडोनेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में हारीं अश्मिता चालिहा, शू वेन जिंग ने दी मात

04 Sep 2026 14:10:53
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा


पोंटियानक, 04 सितंबर (हि.स.)। भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त और विश्व नंबर 38 अश्मिता चालिहा को इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 100 के क्वार्टर फाइनल में चीन की विश्व नंबर 81 शू वेन जिंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। शू वेन जिंग ने शुक्रवार को चालिहा को 21-10, 21-18 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

पहले गेम में दोनों खिलाड़ी शुरुआती चरण में 3-3 और 5-5 से बराबरी पर थीं। इसके बाद शू वेन जिंग ने लगातार अंक जुटाते हुए 8-5 की बढ़त बना ली। मध्यांतर तक चीनी खिलाड़ी 11-7 से आगे थीं और ब्रेक के बाद उन्होंने अपनी बढ़त को लगातार मजबूत किया। शू वेन जिंग ने 17-9 और फिर 20-9 की बढ़त हासिल कर पहला गेम 21-10 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में भी शू वेन जिंग ने तेज शुरुआत करते हुए 1-1 से आगे निकलकर 6-1 की बढ़त बना ली। चालिहा ने वापसी की कोशिश करते हुए स्कोर 6-3 किया, लेकिन चीनी खिलाड़ी ने तुरंत अपनी बढ़त 8-3 कर ली और मध्यांतर तक 11-5 से आगे रहीं।

ब्रेक के बाद चालिहा ने शानदार वापसी की और लगातार चार अंक लेकर अंतर 9-11 कर दिया। इसके बाद उन्होंने संघर्ष जारी रखते हुए स्कोर 15-17 तक पहुंचाया। हालांकि, शू वेन जिंग ने दबाव में धैर्य बनाए रखा और 19-15 की बढ़त हासिल कर ली।

चालिहा ने एक बार फिर वापसी करते हुए स्कोर 18-19 कर दिया, लेकिन शू वेन जिंग ने 20-18 पर मैच प्वाइंट हासिल किया और पहला ही मैच प्वाइंट भुनाकर दूसरा गेम 21-18 से जीत लिया। यह मुकाबला 33 मिनट चला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0