
कोलंबो, 04 सितंबर (हि.स.)। श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस हैमस्ट्रिंग चोट से समय पर नहीं उबर पाने के कारण इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में चरिथ असलंका श्रीलंकाई टीम की कप्तानी करेंगे।
कुसल मेंडिस को जुलाई में लंका प्रीमियर लीग में कोलंबो किंग्स की ओर से खेलते हुए दो मुकाबलों के बाद हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। इसी चोट के कारण वह भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेली गई दो टेस्ट मैचों की सीरीज से भी बाहर रहे थे। असलंका को शुरुआत में टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन अब उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। यह सीरीज टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी भी होगी। उन्हें जून में वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम से बाहर कर दिया गया था।
कुसल मेंडिस की जगह बल्लेबाज पवन रथनायके को टीम में शामिल किया गया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बिनुरा फर्नांडो की जगह दिलशान मदुशंका को टीम में बुलाया गया है। बिनुरा पीठ की चोट के कारण टी-20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 15 सितंबर को साउथम्पटन के रोज बाउल में खेला जाएगा।
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए श्रीलंका की संशोधित टीम
चरिथ असलंका (कप्तान), पाथुम निसांका, कमिल मिशारा, लाहिरु उदारा, कामिंदु मेंडिस, जनिथ लियानगे, दासुन शनाका, दुनिथ वेलालागे, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षणा, थारिंदु रथनायके, दुश्मंथा चमीरा, ईशान मलिंगा, नुवान तुषारा, पवन रथनायके, दिलशान मदुशंका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे