यूएस ओपन: अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने क्वेंटिन हेली को पांच सेटों में हराया, तीसरे दौर में पहुंचे

04 Sep 2026 13:03:53
शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव


न्यूयॉर्क, 04 सितंबर (हि.स.)। शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को यूएस ओपन के दूसरे दौर में फ्रांस के क्वेंटिन हेली ने कड़ी चुनौती दी। ज्वेरेव ने गुरुवार देर रात (भारतीय समयानुसार शुक्रवार तड़के) तक चले मुकाबले में विश्व नंबर 52 हेली को पांच सेटों में 6-4, 4-6, 7-6 (7-3), 6-7 (3-7), 6-3 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई।

29 वर्षीय ज्वेरेव अपने शुरुआती दो मुकाबलों में अब तक करीब 10 घंटे कोर्ट पर बिता चुके हैं। तीसरे दौर में उनका सामना चिली के अलेजांद्रो ताबिलो से होगा।

जीत के बाद ज्वेरेव ने कोर्ट पर दिए साक्षात्कार में कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मेरा प्रदर्शन काफी खराब था लेकिन मैं जीत गया। सबसे महत्वपूर्ण बात यही है।”

उन्होंने कहा, “साढ़े चार घंटे और रात के 2 बजकर 15 मिनट हो चुके हैं। मैं जिम में इसी वजह से मेहनत करता हूं।”

ज्वेरेव ने उन दर्शकों का भी आभार जताया, जो देर रात तक मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद रहे।

ज्वेरेव ने कहा, “जो कुछ हजार लोग अंत तक रुके, उन्होंने उन 15 हजार दर्शकों की कमी पूरी कर दी, जो स्टेडियम छोड़कर चले गए।”

पहले सेट में ज्वेरेव का दबदबा रहा। उन्होंने 5-4 की बढ़त बनाने के लिए मैच का एकमात्र ब्रेक हासिल किया और अगले सर्विस गेम में सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में 4-4 के स्कोर पर ज्वेरेव को ब्रेक प्वाइंट मिला लेकिन हेली ने वापसी करते हुए अपनी सर्विस बचाई और इसके बाद ज्वेरेव की सर्विस तोड़कर सेट 6-4 से जीत लिया।

तीसरे सेट में हेली ने 4-1 की बढ़त बना ली थी लेकिन ज्वेरेव ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को टाईब्रेक तक पहुंचाया। उन्होंने टाईब्रेक में 5-1 की बढ़त बनाने के बाद सेट अपने नाम कर लिया। हालांकि, हेली ने चौथे सेट का टाईब्रेक जीतकर मुकाबले को निर्णायक पांचवें सेट तक पहुंचा दिया।

निर्णायक सेट में हेली से पहली गलती हुई। उनकी फोरहैंड शॉट कोर्ट से काफी बाहर चली गई, जिससे ज्वेरेव को अहम ब्रेक मिला। इसके बाद जर्मन खिलाड़ी ने दो बार अपनी सर्विस बचाकर 5-3 की बढ़त बनाई और फिर थके हुए हेली की सर्विस तोड़कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0