
नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। लगातार चार कारोबारी दिन से गिरावट का सामना कर रहे घरेलू शेयर बाजार के लिए जन्माष्टमी का दिन राहत वाला दिन रहा। दिन के दूसरे सत्र में जम कर मुनाफा वसूली होने के बावजूद शेयर बाजार आज मजबूती के साथ के कारोबार का अंत करने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिसके सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और तेजी आ गई।
हालांकि, दिन के दूसरे सत्र में बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से ये दोनों सूचकांक ऊपरी स्तर से लुढ़क गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.48 प्रतिशत और निफ्टी 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। बाजार की मजबूती के बावजूद मिडकैप शेयरों की बिकवाली के कारण निवेशकों को आज करीब 41 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 504.16 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,657.02 अंक के स्तर पर खुला। शुरुआती 20 मिनट के कारोबार में बिकवाली के दबाव की वजह से इस सूचकांक की स्थिति थोड़ी कमजोर पड़ी, लेकिन इसके बाद खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर पहले सेंसेक्स 730.28 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की छलांग लगा कर 76,883.14 अंक के स्तर पर आ गया।
हालांकि, दिन के दूसरे सत्र में यह सूचकांक अपनी मजबूती बरकरार नहीं रख सका। बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से इस सूचकांक की चाल कमजोर पड़ने लगी। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री की वजह से सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 367.71 अंक फिसल कर 362.57 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,515.43 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 37.45 अंक यानी 0.16 प्रतिशत उछल कर 23,910.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक बिकवाली का दबाव बना रहा, लेकिन इसके बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के सपोर्ट से दोपहर 11:30 के थोड़ी देर बाद निफ्टी 132.30 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,005.75 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
दिन के दूसरे सत्र के दौरान बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण इस सूचकांक की चाल भी कमजोर पड़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से करीब 110 अंक टूट कर 23,895.85 अंक के स्तर पर आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी 24.25 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ 23,897.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान मेटल सेक्टर के शेयरों की जम कर खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से बीएसई का मेटल इंडेक्स 1.42 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, रियल्टी, आईटी और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों की आज लगातार बिकवाली होती रही।
इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और कैपिटल गुड्स इंडेक्स भी कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में मिडकैप शेयरों पर बने दबाव की वजह से स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 40 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 488.31 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 488.72 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 41 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान एनएसई में 3,241 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,808 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,433 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर बढ़त के साथ और 11 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में और 28 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 3.50 प्रतिशत, टाटा स्टील 2.49 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 2.42 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.50 प्रतिशत और ट्रेंट लिमिटेड 1.33 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.94 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.55 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.27 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.12 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 1.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक