नेपाल त्रासदी पर बंगाल सरकार ने जताया शोक, मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने शोक पुस्तिका पर किए हस्ताक्षर

04 Sep 2026 21:40:53
नेपाल महा वाणिज्य दूतावास में मंत्री स्वप्न दास गुप्ता


कोलकाता, 4 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में हुई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों के प्रति पश्चिम बंगाल सरकार ने संवेदना व्यक्त की है। पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता शुक्रवार को कोलकाता स्थित नेपाल के महावाणिज्य दूतावास पहुंचे। उन्होंने शोक पुस्तिका में हस्ताक्षर कर मृतकों के परिजनों और नेपाल की जनता के प्रति गहरी संवेदना तथा एकजुटता व्यक्त की।

मंत्री ने नेपाल में हुई त्रासदी पर दुख जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में पश्चिम बंगाल नेपाल के लोगों के साथ खड़ा है। शोक पुस्तिका में संदेश दर्ज करते हुए उन्होंने आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि नेपाल में 26 अगस्त को ग्लेशियर टूटने से आई भीषण बाढ़ और मलबे ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। त्रिशूली नदी घाटी और नेपाल-चीन सीमा से लगे इलाकों में आई इस आपदा में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है और हजारों लोग अब भी लापता हैं। बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं। शुक्रवार को नौ दिन बाद एक जलविद्युत परियोजना की सुरंग से दो लोगों को जीवित निकाले जाने से राहत और बचाव अभियान में उम्मीद की नई किरण दिखाई दी।

इस त्रासदी का असर पश्चिम बंगाल पर भी पड़ा है। राज्य के 37 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। शुरुआत में 39 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में दो लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई, लेकिन बाकी 37 लोगों के बारे में अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। उनके परिवार लगातार अपने प्रियजनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

लापता लोगों की पहचान और तलाश में मदद के लिए पश्चिम बंगाल में उनके परिजनों के रक्त के नमूने भी एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर डीएनए मिलान के जरिए पहचान की जा सके। राज्य और केंद्र सरकार नेपाल तथा चीन के अधिकारियों के संपर्क में हैं और बचाव एवं राहत अभियानों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0