गौरव भाटिया ने ‘फर्जी पोस्ट’ पर दी सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास को 24 घंटे की मोहलत

05 Sep 2026 16:55:53
गौरव भाटिया फाइल फोटो


नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। मामला स्वतंत्र भारद्वाज नामक युवक को लेकर किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है।

सौरव दास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए गौरव भाटिया को टैग किया था। पोस्ट में एक स्वतंत्र भारद्वाज पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे कथित रूप से गौरव भाटिया द्वारा उसे ‘दिमागी नक्सली’ बताया गया था और उसके भीतर जातिवाद का जहर भरा होने की बात कही गई थी। पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि उसका भाजपा सरकार से कोई लेना-देना नहीं है।

इस पोस्ट पर गौरव भाटिया ने उसी पोस्ट के नीचे अंग्रेजी में प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘फेक पोस्ट’ बताया। उन्होंने सौरव दास को पोस्ट हटाने और बिना शर्त माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया। इसके बाद सौरव दास ने अपने सोशल मीडिया से वह पोस्ट डिलीट कर दिया। पोस्ट हटाए जाने के बाद गौरव भाटिया ने एक और पोस्ट करते हुए दावा किया कि सौरव दास द्वारा पोस्ट महज 83 मिनट में डिलीट कर दी गई, लेकिन अभी तक बिना शर्त माफी नहीं मांगी गई है। अगर माफी नहीं मांगी गई तो 24 घंटे के बाद मैं दास पर एफआईआर दर्ज कराउंगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0