मप्र के मुख्यमंत्री माेहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई प्रवास पर, यूएई के निवेशकों से करेंगे संवाद

05 Sep 2026 19:34:53
सीएम मोहन यादव (फाइल फोटो)


भोपाल, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर 2026 तक दुबई के प्रवास रहेंगे। इस दौरान वे इन्वेस्ट मध्य प्रदेश–दुबई 2026 के तहत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और वैश्विक कारोबारी नेतृत्व के साथ मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर सीधा संवाद करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी बबीता मिश्रा ने शनिवार को बताया कि दुबई में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की भागीदारी का एक महत्वपूर्ण पक्ष एआईएम कांग्रेस-2026 में सहभागिता का भी रहेगा। इसके माध्यम से मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय उद्योग समुदाय के सामने अपनी औद्योगिक और पर्यटन क्षमताओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, साथ ही विभिन्न देशों और संयुक्त अरब अमीरात के शीर्ष नीति-निर्माताओं एवं कारोबारी नेतृत्व के साथ बैठकों में मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, सहयोग और नए अवसरों पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकों से लेकर उच्चस्तरीय शासन-स्तरीय मुलाकातें, एआईएम कांग्रेस में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन, इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश–इंडिया निवेश सत्र, शारजाह के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद तथा दुबई के प्रमुख उद्योग समूहों के साथ बैठकें शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मध्य प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन क्षमता को निवेशकों के सामने प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश अपनी औद्योगिक क्षमता, समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और निवेश के लिए अनुकूल नीतियों के साथ वैश्विक निवेश मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का दुबई में विभिन्न उद्योग प्रतिनिधियों से निवेश संवाद इस दिशा में परिणाममूलक साबित होगा।

6 सितंबर 2026 पहला दिन- प्रवासी भारतीयों से संवाद और वैश्विक कारोबारी समुदाय से संपर्क

राज्य शासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दुबई पहुंचने पर प्रवासी भारतीय समुदाय द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद ओडीओपी (एक जिला-एक उत्पाद) स्टॉल का उद्घाटन होगा। स्टॉल में मध्यप्रदेश के बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, ज़री-ज़रदोज़ी और ग्वालियर कारपेट जैसे स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात कर द्विपक्षीय आर्थिक एवं निवेश संबंधों से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और अरब संसद के अध्यक्ष एवं सदस्यों को इन्वेस्ट मध्य प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।

मुख्यमंत्री मीडिया से संवाद करेंगे तथा एआईएम कांग्रेस-2026 के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में करीब 500 संप्रभु संपदा कोष, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। यहां निवेश के प्रमुख विषयों पर संवाद के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष महामहिम डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के साथ बैठक भी करेंगे।

7 सितंबर 2026 दूसरा दिन- एआईएम कांग्रेस में मध्य प्रदेश की वैश्विक निवेश क्षमता का प्रदर्शन

दूसरे दिन का केंद्र एआईएम कांग्रेस-2026 रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्य प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। पवेलियन के माध्यम से प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसरों और प्रमुख क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री संघीय सर्वोच्च परिषद के सदस्य एवं रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से शिष्टाचार भेंट करेंगे तथा उन्हें इन्वेस्ट मध्य प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एआईएम कांग्रेस के उद्घाटन समारोह में राष्ट्राध्यक्षों एवं शासनाध्यक्षों की उपस्थिति में लीडर्स सेशन को संबोधित करेंगे। इसके बाद तातारस्तान गणराज्य के गवर्नर के साथ बैठक होगी। वहीं इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश –इंडिया निवेश सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं और राज्य की नीतिगत तैयारियों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे। इस सत्र को विदेश व्यापार राज्य मंत्री महामहिम डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी भी संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री संयुक्त अरब अमीरात के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री महामहिम अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री तथा विदेश व्यापार राज्य मंत्री एवं एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष महामहिम डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के साथ उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे। दूसरे दिन लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यूसुफ़ अली एम.ए. के साथ बैठक भी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल है। दिन का समापन दुबई के कारोबारी एवं निवेश समुदाय के साथ संवाद के साथ होगा।

8 सितंबर 2026 तीसरा दिन- निवेशकों से सीधा संवाद और शारजाह-दुबई के प्रमुख कारोबारी समूहों से संवाद

तीसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. यादव यूएई के प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। इनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट ज़ोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल जैसे प्रमुख उद्योग समूहों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके बाद शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष महामहिम अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक होगी। शारजाह चैंबर एवं आईबीपीसी शारजाह के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी और उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री बीआह समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ भी बैठक करेंगे। इस दौरान मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुति दी जाएगी और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 का आमंत्रण दिया जाएगा। इसके बाद दुबई के प्रमुख कारोबारी समूह इमार समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ बैठक होगी। यह बैठक रियल एस्टेट, शहरी विकास और संबंधित क्षेत्रों में संभावित निवेश एवं सहयोग के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होगी।

तीसरे दिन शाम को इन्वेस्ट मध्य प्रदेश: निवेश अवसरों पर संवाद सत्र आयोजित होगा। इसमें संयुक्त अरब अमीरात के व्यवसाय एवं परोपकार के लिए विशेष दूत महामहिम बद्र जाफ़र विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक एवं पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों एवं प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों को मध्य प्रदेश में उपलब्ध अवसरों से सीधे रूबरू कराएंगे।

9 सितंबर 2026 नई दिल्ली के लिए प्रस्थान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव तीन दिवसीय निवेश-केंद्रित कार्यक्रम के बाद 9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0