
इंदौर, 05 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल शनिवार मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर इंदौर आ रहे हैं। वे यहां विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी पुष्पेन्द्र वास्कले ने बताया कि मध्य प्रदेश में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ने जा रही है। इंदौर मेट्रो का मालवीय नगर चौराहा तक विस्तार किया जा रहा है। विजय नगर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, 6 सितंबर से यह सेवा आम यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। इसके साथ ही यात्रियों को गांधीनगर से मालवीय नगर चौराहा तक निर्बाध मेट्रो यात्रा की सुविधा मिलेगी। मेट्रो की पहली ट्रेन दोनों छोरों से प्रतिदिन सुबह 9 बजे रवाना होगी, जबकि अंतिम ट्रेन शाम 7 बजे प्रस्थान करेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए हर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेन उपलब्ध रहेगी तथा प्रतिदिन 80 से अधिक फेरे संचालित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि, वर्तमान में इंदौर मेट्रो का संचालन गांधीनगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक लगभग 6 किलोमीटर के मार्ग पर किया जा रहा है। सेवा विस्तार के बाद अब मेट्रो गांधीनगर से मालवीय नगर चौराहा तक लगभग 17 किलोमीटर लंबे मार्ग पर संचालित होगी। विस्तारित कॉरिडोर में कुल 16 स्टेशनों से यात्रियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे शहर के प्रमुख व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों के बीच यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी।
इंदौर मेट्रो की आधुनिक, पूर्णतः वातानुकूलित ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेंगी। सभी स्टेशनों पर डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी आधारित सुरक्षा व्यवस्था, एस्केलेटर, लिफ्ट तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह परियोजना पर्यावरण-अनुकूल, सुरक्षित एवं समयबद्ध सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यात्रियों की सुविधा के लिए इंदौर मेट्रो में ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (एएफसी) प्रणाली पहले से संचालित है। यात्री एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट प्राप्त कर सकते हैं तथा यूपीआई, क्यूआर कोड, ई-वॉलेट एवं मोबाइल ऐप के जरिए कैशलेस भुगतान कर सहज एवं सुरक्षित यात्रा का लाभ उठा सकते हैं।
यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए एमपीएमआरसीएल द्वारा आकर्षक प्रमोशनल डिस्काउंट पॉलिसी लागू की गई है। इसके तहत रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत तथा ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। वहीं, मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर रिचार्ज राशि के अनुसार 8 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक बोनस मिलेगा। ₹200–499 के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत, ₹500–999 पर 10 प्रतिशत, ₹1000–1499 पर 12 प्रतिशत तथा ₹1500–2000 के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस प्रदान किया जाएगा।
विस्तारित सेवा के संचालन के साथ इंदौरवासियों को आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल एवं विश्वस्तरीय मेट्रो परिवहन का लाभ और अधिक व्यापक रूप से प्राप्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर